आंधी-तूफान का कहर : पौड़ी परिसर में वाहनों पर गिरे पेड़, बाल-बाल बचे लोग
जसपाल नेगी
पौड़ी। मौसम के अचानक बदले मिजाज ने जिले में कहर बरपाया। रविवार सुबह तेज आंधी-तूफान और बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। वहीं, शनिवार देर रात आए तूफान ने पौड़ी परिसर में खड़े वाहनों पर भारी पेड़ गिरा दिए, जिससे बड़ा नुकसान हो गया।

सूचना मिलते ही फायर स्टेशन पौड़ी की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। मौके पर देखा गया कि दो बड़े पेड़ वाहनों पर गिरने से गाड़ियां बुरी तरह दब गई थीं। फायर यूनिट ने तत्परता दिखाते हुए वुडन कटर मशीन से पेड़ों को काटकर हटाया और वाहनों को सुरक्षित निकाला।
करीब कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने हालात पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
मौसम में आए बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं ठंडक भी बढ़ गई है। उधर, परिसर निदेशक डॉ. यूसी गैरोला ने बताया कि परिसर में अभी भी कई पेड़ खतरा बने हुए हैं। उन्होंने प्रशासन से इन्हें जल्द हटाने की मांग की है।
टीम रही मुस्तैद
राहत कार्य में डीवीआर शमशेर सिंह चौहान, यशपाल सिंह रावत, दीपक सिंह रावत, संजय सिंह और जय सिंह शामिल रहे।

