
लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट 22 मई को खुलेंगे
कर्क लग्न के शुभ मुहूर्त में सुबह 11:15 बजे होंगे कपाटोद्घाटन, चार माह तक होंगे दर्शन
संजय कुंवर, लोकपाल/हेमकुंड साहिब
चमोली जिले की भ्यूंडार घाटी में स्थित उच्च हिमालयी पौराणिक तीर्थ लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट इस वर्ष 22 मई को विधि-विधान के साथ खोले जाएंगे। मंदिर समिति के अनुसार कर्क लग्न के शुभ मुहूर्त में सुबह 11 बजकर 15 मिनट पर कपाटोद्घाटन किया जाएगा।
शेषनाग के अवतार और लोकपाल घाटी के आराध्य देव भगवान लक्ष्मण को समर्पित इस मंदिर के कपाट खुलने के बाद श्रद्धालु लगभग चार माह तक दर्शन कर सकेंगे। यह पवित्र तीर्थ समुद्रतल से करीब 15,225 फीट की ऊंचाई पर दंडी पुष्कर्णी सरोवर के समीप स्थित है।
मंदिर समिति के अध्यक्ष डी.एस. चौहान ने बताया कि वैदिक पंचांग की गणना के अनुसार 22 मई को कर्क लग्न में देव मुहूर्त तय हुआ है, जिसमें कपाट खोले जाएंगे। इसके लिए समिति द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
उन्होंने बताया कि विगत वर्ष 2025 में भी कृष्ण एकादशी के पावन अवसर पर मंदिर के कपाट खोले गए थे।
यात्रा मार्ग
लोकपाल लक्ष्मण मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को गोविंदघाट से करीब 19 किलोमीटर की यात्रा करनी होती है। वर्तमान में गोविंदघाट से पुलना तक लगभग 4 किलोमीटर की दूरी छोटे वाहनों से तय की जा सकती है, जबकि शेष मार्ग पैदल पथारोहण के जरिए पूरा करना पड़ता है।
फैक्ट फाइल
- स्थान: भ्यूंडार घाटी, चमोली
- ऊंचाई: 15,225 फीट
- कपाट खुलने की तिथि: 22 मई 2026
- समय: सुबह 11:15 बजे (कर्क लग्न)
- दर्शन अवधि: लगभग 4 माह
