
दादी के गहनों पर नातिनी ने ही किया हाथ साफ, दोस्त संग रची साजिश
गहने बेचकर खरीदी कार, जाजरदेवल पुलिस ने किया चौंकाने वाला खुलासा
पिथौरागढ़ : थाना जाजरदेवल क्षेत्र के बीसाबजेड़ में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। दादी के गहनों की चोरी में नातिनी का ही नाम सामने आने से हर कोई हैरान है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
28 अप्रैल को पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी अलमारी से मंगलसूत्र, झुमके, नथ और मांगटीका सहित सोने के गहने गायब हो गए हैं। शक के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और जल्द ही मामला खुल गया।
दोस्ती ने कराया अपराध
जांच में सामने आया कि अंजलि ने अपने दोस्त अमित बोरा (निवासी खटीमा) के साथ मिलकर पूरी साजिश रची। दोनों पिछले करीब एक साल से एक-दूसरे को जानते थे।
चोरी के पैसों से खरीदी कार
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपितों ने चोरी किए गए गहनों को बेचकर सेकेंड हैंड अल्टो कार खरीद ली थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार को भी बरामद कर लिया है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
एसओ मनोज पाण्डेय के नेतृत्व में टीम ने सातसिलिंग के पास से अंजलि को गिरफ्तार किया, जिसके बाद पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सनसनीखेज खुलासे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि बदलते सामाजिक परिवेश में रिश्तों की नींव कितनी कमजोर होती जा रही है।
