
चारधाम यात्रा : चमोली में 24 मोबाइल बाइक टीमें तैनात, हर मोड़ पर मिलेगी त्वरित सहायता
चारधाम यात्रा में पुलिस का नया प्लान, बाइक टीमों से मिलेगी राहत
जाम और हादसों पर नजर, चमोली पुलिस की 24 टीमें सड़कों पर
गोपेश्वर : चारधाम यात्रा-2026 को लेकर चमोली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। यात्रा को सुरक्षित, सुगम और जाम मुक्त बनाने के लिए पुलिस ने मोबाइल बाइक टीमों की तैनाती शुरू कर दी है। मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने पुलिस मैदान गोपेश्वर से 24 मोबाइल बाइक टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

चारधाम यात्रा के दौरान हर साल बढ़ती भीड़ से जहां यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, वहीं कानून-व्यवस्था की चुनौती भी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए इस बार पुलिस ने फुर्तीली रणनीति अपनाई है। मोबाइल बाइक टीमें यात्रा मार्गों के हर संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थान पर तैनात रहेंगी।
संकरे रास्तों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और जाम वाले पॉइंट्स पर ये टीमें लगातार गश्त करेंगी। जरूरत पड़ने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक सुचारू कराएंगी और यात्रियों को राहत देंगी। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ये टीमें न सिर्फ यातायात नियंत्रण में मदद करेंगी, बल्कि तीर्थयात्रियों को मार्गदर्शन देने और आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने का काम भी करेंगी। इससे यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

