ऊखीमठ में नवोदय की सफलता से खिली उम्मीदें, 12 नौनिहालों ने रचा इतिहास

Team PahadRaftar

ऊखीमठ में नवोदय की सफलता से खिली उम्मीदें, 12 नौनिहालों ने रचा इतिहास

ढौडिक विद्यालय के 4 सहित विकासखंड के 8 अन्य छात्र-छात्राओं का चयन, ग्रामीण प्रतिभाओं ने दिखाई चमक

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ : विकासखंड ऊखीमठ और अगस्तमुनि क्षेत्र के लिए यह गौरव का क्षण है कि यहां के 12 मेधावी नौनिहालों ने जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर सफलता हासिल की है। इसमें राजकीय प्राथमिक विद्यालय ढौडिक खडपतियाखाल के 4 विद्यार्थियों सहित विकासखंड के 8 अन्य छात्र-छात्राएं शामिल हैं।

सीमांत क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले इन बच्चों ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की है। इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। नवोदय विद्यालय में प्रवेश को ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए एक सुनहरा अवसर माना जाता है, जहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है।

ढौडिक विद्यालय से आदित्य कुमार, आंचल, आदर्श सिंह और आदित्य सिंह के चयन से विद्यालय परिवार में खासा उत्साह है। प्रभारी प्रधानाध्यापक शशिकांत नौटियाल ने इसे शिक्षकों की मेहनत और बच्चों की लगन का परिणाम बताया। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2019 से 2025 तक इस विद्यालय से 18 छात्र पूर्व में भी नवोदय में चयनित हो चुके हैं।

वहीं विकासखंड के अन्य विद्यालयों से आरव, अनुराग, सानवी, राधिका, दिव्यांशु, वंशिका, वैष्णवी और अविरल ने सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र की शैक्षिक गुणवत्ता का प्रतीक बताया।

शिक्षा प्रेमियों का मानना है कि यह सफलता भविष्य में और बेहतर परिणामों की प्रेरणा बनेगी और क्षेत्र में शिक्षा के नए आयाम स्थापित करेगी।

Leave a Reply

You May Like