ऊखीमठ : गौरीकुंड – केदारनाथ पैदल मार्ग पर कच्ची दुकानों के लॉटरी आवंटन का व्यापारियों ने किया विरोध 

Team PahadRaftar

गौरीकुंड – केदारनाथ पैदल मार्ग पर कच्ची दुकानों के लॉटरी आवंटन का व्यापारियों ने किया विरोध 

मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, 24 घंटे में आदेश निरस्त न होने पर मंगलवार से तहसील परिसर में आंदोलन की चेतावनी.

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ : गौरीकुंड – केदारनाथ पैदल मार्ग पर कच्ची दुकानों का आवंटन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किये जाने के निर्णय के विरोध में स्थानीय व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लेकर जिला प्रशासन के इस निर्णय पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।

ब्लॉक सभागार में आयोजित बैठक में व्यापारियों ने कहा कि वर्षों से यात्रा मार्ग पर स्थानीय लोग ही कच्ची दुकानों का संचालन करते आ रहे हैं, जिससे उनकी आजीविका चलती है और यात्रा सीजन के दौरान श्रद्धालुओं को भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो पाती हैं। लेकिन इस बार जिला प्रशासन द्वारा कच्ची दुकानों का आवंटन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से करने का निर्णय लिया गया है, जिसे स्थानीय व्यापारियों ने अन्यायपूर्ण बताते हुए इसका विरोध किया है। बैठक में व्यापारियों ने कहा कि यदि लॉटरी के माध्यम से दुकानों का आवंटन किया जाता है तो कई ऐसे स्थानीय व्यापारी, जो वर्षों से यात्रा मार्ग पर अपनी सेवाएं देते आ रहे हैं, वे इस व्यवस्था से बाहर हो सकते हैं। इससे उनकी रोजी–रोटी पर सीधा असर पड़ेगा और स्थानीय लोगों में भारी असंतोष पैदा होगा। बैठक के बाद व्यापारियों ने तहसील प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में मांग की गई है कि कच्ची दुकानों का आवंटन पूर्व वर्षों की भांति स्थानीय व्यापारियों को प्राथमिकता देते हुए किया जाए तथा लॉटरी प्रणाली के आदेश को तत्काल निरस्त किया जाए। व्यापारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर इस आदेश को निरस्त नहीं किया गया तो मंगलवार से तहसील परिसर में धरना–प्रदर्शन और आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन – प्रशासन की होगी। व्यापारियों ने यह भी कहा कि केदारनाथ यात्रा क्षेत्र में स्थानीय लोगों की आजीविका यात्रा सीजन पर ही निर्भर रहती है, इसलिए प्रशासन को ऐसा कोई निर्णय नहीं लेना चाहिए जिससे स्थानीय व्यापारियों के हित प्रभावित हों। बैठक में मौजूद व्यापारियों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी लिया।

इस मौके पर पूर्व विधायक मनोज रावत, क्षेत्र पंचायत प्रमुख पंकज शुक्ला , केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, पूर्व कनिष्ठ प्रमुख शैलेन्द्र कोटवाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद राणा, प्रधान संगठन ब्लांक अध्यक्ष त्रिलोक रावत , कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुलदीप कण्डारी केदार घाटी श्रद्धालु सेवा समिति अध्यक्ष सन्दीप पुष्वाण, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष कर्मवीर कुंवर, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनीष बगवाड़ी, सुषमा, गुड्डी देवी, विराट सौरभ भट्ट, यशपाल पंवार , राम सिंह नेगी, प्रह्लाद राणा, दलवीर नेगी , महावीर नेगी सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी व सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : उषाडा ग्राम पंचायत में शराब पीने पिलाने पर पूर्ण प्रतिबंध

सार्वजनिक कार्यों में शराब परोसने व अवैध बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध, उषाडा ग्राम पंचायत की देखरेख समिति का सर्वसम्मत निर्णय,जिला प्रशासन को भेजी सूचना. लक्ष्मण नेगी  ऊखीमठ : तुंगनाथ घाटी की ग्राम पंचायत उषाडा में आयोजित देखरेख समिति की महत्वपूर्ण बैठक में गांव की सामाजिक व्यवस्था और सांस्कृतिक मर्यादाओं को […]

You May Like