
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : देव सेनापति कुमार कार्तिकेय की तपस्थली क्रौच पर्वत तीर्थ में विश्व कल्याण व क्षेत्र की खुशहाली के लिए आयोजित 11 दिवसीय महायज्ञ व पुराणवाचन में कल बीहड़ चट्टानों के मध्य से निकलने वाली भव्य जल कलश यात्रा की सभी तैयारिया पूरी कर ली गयी है। भव्य जल कलश यात्रा में शामिल होने के लिए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कार्तिक स्वामी तीर्थ की ओर रूख कर लिया है। शुक्रवार को बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, केदारनाथ विधानसभा के पूर्व विधायक मनोज रावत, निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य कण्डारा सुमन नेगी,पूर्व जिपंस बीर सिंह बुडेरा व उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के तत्वावधान मे देवभूमि बद्री – केदार – कार्तिक स्वामी यात्रा हेतु भारत गौरव मानसखण्ड एक्सप्रेस के माध्यम से विभिन्न राज्यो के 71 सदस्यीय तीर्थ यात्रियों के अन्तिम दल सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महायज्ञ व पुराणवाचन में शामिल होकर पुण्य अर्जित किया। रविवार को पूर्णाहुति के साथ महायज्ञ व पुराणवाचन का समापन होगा। 11 दिवसीय महायज्ञ व पुराणवाचन के आयोजन से क्रौच पर्वत तीर्थ का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है तथा विद्वान आचार्यों द्वारा हवन कुण्ड मे अनेक प्रकार की पूजा सामाग्रियों की आहूति डालकर विश्व समृद्धि की कामना की जा रही है। क्रौच पर्वत तीर्थ पर आयोजित 11 दिवसीय महायज्ञ व पुराणवाचन मे प्रतिभाग करते हुए बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि कार्तिक स्वामी तीर्थ धार्मिक महत्ता के साथ प्राकृतिक सौन्दर्य से भी परिपूर्ण है इसलिए भविष्य में यहां तीर्थाटन, पर्यटन की अपार सम्भावनाएं है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश सरकार व पर्यटन विभाग कार्तिक स्वामी पर्यटन सर्किट से नागनाथ , बामनाथ के साथ क्यूजा घाटी ,तल्लानागपुर व दश्जयूला के तीर्थ स्थलो को शामिल होने के प्रयास करती है तो क्रौच पर्वत तीर्थ के चारो तरफ फैले भू-भाग का चहुंमुखी विकास होने के साथ स्थानीय युवाओं के सम्मुख स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होगे। केदारनाथ विधानसभा के पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि मोहनखाल – राकसी – तुंगनाथ पैदल ट्रैक विकसित होने से कार्तिक स्वामी तीर्थ को जोड़ने वाले अन्य पैदल ट्रैकों को भी विशिष्ट पहचान मिलेगी। कार्तिकेय मन्दिर समिति अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी ने बताया कि क्रौच पर्वत तीर्थ मे आयोजित महायज्ञ व पुराणवाचन मे प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर पुण्य अर्जित किया तथा कल बीहड़ चट्टानों के मध्य से निकलने वाली भव्य जल कलश यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। समिति के प्रबन्धक पूर्ण सिंह नेगी ,कोषाध्यक्ष चन्द्र सिंह नेगी ,सचिव बलराम सिंह नेगी ,सुधीर नौटियाल सह प्रबन्धक रमेश सिंह नेगी , उपाध्यक्ष उत्तम राज नेगी , पूर्व क्षेपंस श्रीमती सुरजी देवी ने कल निकलने वाली भव्य जल कलश यात्रा में आम जनमानस से सहयोग की अपील की है।

