
चमोली में रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुआ 19 वर्षीय युवक, परिजनों में चिंता
चमोली। जनपद चमोली के जोशीमठ विकासखंड स्थित उर्गम घाटी के देवग्राम गांव निवासी 19 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। युवक के तीन दिनों से घर नहीं लौटने पर परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है। परिजन युवक की तलाश में जुटे हैं, वहीं पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार देवग्राम निवासी सचिन नेगी पुत्र रमेश नेगी गोपेश्वर स्थित रौली ग्वाड़ पॉलीटेक्निक कॉलेज में अध्ययनरत है। परिजनों ने बताया कि 13 मई की रात करीब 11 बजे से 1 बजे के बीच उसकी अपने दोस्तों से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है। युवक का मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा है।
युवक के अचानक लापता होने से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों ने अपने स्तर पर संभावित स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका। मामले की जानकारी पुलिस को भी दे दी गई है।
स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश जारी है। परिजनों ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को सचिन नेगी के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें, ताकि युवक का जल्द पता लगाया जा सके।

