ज्योतिर्मठ : भारतीय रेडक्रॉस ने आपदा प्रभावित 10 परिवारों को बांटी राहत सामग्री

Team PahadRaftar

भारतीय रेडक्रॉस ने आपदा प्रभावित 10 परिवारों को बांटी राहत सामग्री

संजय कुंवर, ज्योतिर्मठ। सीमांत विकासखंड ज्योतिर्मठ में आपदा प्रभावित परिवारों की मदद के लिए भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी शाखा चमोली ने राहत अभियान चलाया। सोसायटी की ओर से क्षेत्र के आपदा प्रभावित 10 परिवारों को आवश्यक राहत सामग्री वितरित की गई। राहत सामग्री मिलने पर प्रभावित परिवारों ने रेडक्रॉस सोसायटी का आभार जताया।

प्रभावित परिवारों ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में मिली राहत सामग्री से उनकी परेशानियों को कुछ हद तक कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने जरूरत के समय सहायता पहुंचाने के लिए रेडक्रॉस के पदाधिकारियों का धन्यवाद किया।

भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी शाखा चमोली के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश डोभाल ने कहा कि रेडक्रॉस सेवा और समर्पण की भावना के साथ जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि जनपद के आपदा प्रभावित क्षेत्रों के साथ ही अन्य जरूरतमंद लोगों को भी आवश्यकतानुसार राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि आपदा के समय प्रभावित परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचाना रेडक्रॉस की प्राथमिकता है। भविष्य में भी जरूरतमंद लोगों की हरसंभव मदद जारी रखी जाएगी।

इस अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी शाखा चमोली के सचिव सुरेंद्र रावत, विपिन शाह, दीपक टमटा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

You May Like