केदारनाथ यात्रा : सड़क से लेकर सुरक्षा तक सीएम ने परखी व्यवस्थाएं

Team PahadRaftar

ग्रीन और प्लास्टिक मुक्त होगी केदारनाथ यात्रा, सीएम ने किया निरीक्षण

रुद्रप्रयाग से गुप्तकाशी तक यात्रा मार्ग का जायजा, अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूरे करने के निर्देश

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ।  श्री केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल 2026 को खुलने से पहले यात्रा तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रप्रयाग जिले में ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रुद्रप्रयाग से गुप्तकाशी तक राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर सड़क मार्ग से यात्रा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने जवाड़ी बाईपास, निर्माणाधीन सुरंग, तिलवाड़ा, बांसवाड़ा और कुंड-काकड़ागाड़ जैसे संवेदनशील भूस्खलन क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क के पेचवर्क, झाड़ी कटान, साइनेज, क्रैश बैरियर और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य यात्रा शुरू होने से पहले हर हाल में पूरे कर लिए जाएं।

गुप्तकाशी में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं के साथ सौम्य व्यवहार रखने और सभी व्यवस्थाएं बेहतर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने हेलीपैड पर यात्री शेड तथा भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस चौकियों पर दवाइयां, पेयजल और फूड पैकेट की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस बार केदारनाथ यात्रा को “ग्रीन यात्रा” के रूप में आयोजित किया जाएगा और इसे प्लास्टिक मुक्त बनाने पर विशेष जोर रहेगा। उन्होंने भ्रामक खबरें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

उन्होंने “वोकल फॉर लोकल” के तहत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को यात्रा से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिल सके।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, राज्यमंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष रावत, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ओंकार पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Next Post

रूद्रप्रयाग : सीएम धामी बोले - समाज को जागरूक करने में पत्रकारों की अहम भूमिका

रुद्रप्रयाग में ‘ज्ञानदीप सम्मान समारोह’ में मुख्यमंत्री धामी ने किया प्रतिभाओं का सम्मान, पत्रकारिता को बताया लोकतंत्र की आधारशिला जिला प्रेस क्लब के 20 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम में फेक न्यूज पर जताई चिंता, पत्रकारों से तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग का आह्वान लक्ष्मण नेगी  ऊखीमठ : मुख्यमंत्री पुष्कर […]

You May Like