रूद्रप्रयाग : सीएम धामी बोले – समाज को जागरूक करने में पत्रकारों की अहम भूमिका

Team PahadRaftar

रुद्रप्रयाग में ‘ज्ञानदीप सम्मान समारोह’ में मुख्यमंत्री धामी ने किया प्रतिभाओं का सम्मान, पत्रकारिता को बताया लोकतंत्र की आधारशिला

जिला प्रेस क्लब के 20 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम में फेक न्यूज पर जताई चिंता, पत्रकारों से तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग का आह्वान

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने एक दिवसीय दौरे पर रुद्रप्रयाग पहुंचे, जहां उन्होंने जिला प्रेस क्लब रुद्रप्रयाग के 20 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘ज्ञानदीप सम्मान समारोह 2026’ में प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए रमेश पहाड़ी, चंद्रमोहन शुक्ला, लक्ष्मी प्रसाद डिमरी सहित कई पत्रकारों को सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा लोक कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में सौरभ मैठाणी, हेमा नेगी करासी तथा साहित्य के क्षेत्र में मुकेश नौटियाल सहित भाषा, साहित्य, प्रशासन और पुलिस सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला प्रेस क्लब की ओर से मुख्यमंत्री को विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा गया।

मुख्यमंत्री धामी ने सभी सम्मानित प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बदलते समय में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में फेक न्यूज एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है, ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी है कि वे तथ्यों की पूरी जांच के बाद ही समाचार प्रकाशित करें।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र की आधारशिला है और पत्रकार समाज को जागरूक करने के साथ-साथ जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को सरकार तक पहुंचाने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

Next Post

चमोली : हेलंग से ‘सूर्य देवभूमि चैलेंज 2.0’ का आगाज, पहले दिन 36 किमी की दौड़ पूरी

कल्पेश्वर में हुआ भव्य स्वागत, 300 प्रतिभागी ले रहे हिस्सा रघुबीर नेगी  चमोली : भारतीय सेना की ओर से आयोजित ‘सूर्य देवभूमि चैलेंज 2.0’ का शुक्रवार को हेलंग (जोशीमठ) से शुभारंभ हो गया। गढ़वाल हिमालय के बदरी–केदार ट्रेल मार्ग पर हो रहे इस 113 किमी लंबे धीरज आधारित आयोजन में […]

You May Like