
बदरीनाथ धाम में उमड़े श्रद्धालु, 20.72 लाख ने किए दर्शन
संजय कुंवर बदरीनाथ : भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम में तीर्थाटन चरम पर है। श्राद्ध पक्ष के बाद शारदीय नवरात्र और विजयदशमी पर्व के चलते बदरीपुरी में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगी है। देवदर्शनी से लेकर बदरीनाथ मंदिर परिसर तक तीर्थयात्रियों की चहल-पहल देखने को मिल रही है।

कपाट खुलने से अब तक करीब 20 लाख 72 हजार श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं। नवरात्र और विजयदशमी के अवसर पर धाम में धार्मिक उत्साह बना हुआ है। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंच रहे श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
वहीं, विजयदशमी के अवसर पर आयोजित होने वाले विशेष समारोह में वैदिक पंचांग की गणना के अनुसार बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने की तिथि घोषित की जाएगी। कपाट बंद होने की तिथि घोषित होने के साथ ही आगामी शीतकालीन यात्रा और पंच पूजाओं की तैयारियों को लेकर भी गतिविधियां तेज होंगी।

