
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ। आगाज यूथ क्लब श्रीनगर और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने घिमतोली ग्वास क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान बच्चों और युवाओं ने क्षेत्र में फैले कूड़े-कचरे को एकत्र कर उसका निस्तारण किया।

इस दौरान छात्र-छात्राओं ने एक जागरूकता रैली भी निकाली। रैली में शामिल बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। “स्वच्छता अपनाएं, बीमारी भगाएं” और “स्वच्छ गांव, स्वस्थ समाज” जैसे नारों से क्षेत्र गूंज उठा।
अभियान में शामिल युवाओं ने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें और कूड़ा इधर-उधर न फैलाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के लिए भी जरूरी है।

इस मौके पर जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे रोजमर्रा की आदत बनाया जाना चाहिए।
ग्राम प्रधान कविता देवी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। उन्होंने आगाज यूथ क्लब और बच्चों के प्रयासों को प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम के अंत में आगाज यूथ क्लब के सचिव धीरज नेगी के मार्गदर्शन में सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। अभियान में यूथ क्लब के सदस्य, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान बसन्ती देवी, भाजपा चोपता मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह नेगी और महामंत्री दीपक सिंह नेगी ने आगाज यूथ क्लब का आभार जताते हुए कहा कि यूथ क्लब लगातार समाज और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अच्छा कार्य कर रहा है।

