कलगोठ गांव में खेतों में काम कर रहे व्यक्ति पर भालू का हमला, गंभीर घायल
संजय कुंवर गोपेश्वर (चमोली)। ज्योतिर्मठ विकासखंड की उर्गम घाटी के कलगोठ गांव में सोमवार को खेतों में काम कर रहे एक व्यक्ति पर भालू ने हमला कर दिया। हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने घायल को डंडी के सहारे सड़क तक पहुंचाया, जहां से उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर लाया जा रहा है।

सैजी लग्गा मैकोट-कलगोठ विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि कलगोठ निवासी वीरेंद्र सिंह सोमवार को मवेशियों के लिए चारा-पत्ती लेने खेतों में गए थे। इसी दौरान अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया।
वीरेंद्र सिंह ने शोर मचाकर किसी तरह भालू से अपना बचाव किया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तब तक भालू के हमले से वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। ग्रामीणों ने उन्हें डंडी के सहारे सड़क मार्ग तक पहुंचाया और इसके बाद जिला अस्पताल गोपेश्वर के लिए रवाना किया।
घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और भालू की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है।
