चमोली : गौचर के संदीप रावत बने एयरफोर्स एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष

Team PahadRaftar

37 वर्षों तक भारतीय वायुसेना में दी सेवाएं, विशिष्ट सेवा मेडल से हो चुके हैं सम्मानित

केएस असवाल गौचर (चमोली)। चमोली जिले के गौचर निवासी एयर वाइस मार्शल संदीप रावत (सेवानिवृत्त) को एयरफोर्स एसोसिएशन उत्तराखंड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्होंने 25 नवंबर को देहरादून में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली। उनकी इस उपलब्धि से गौचर समेत पूरे जनपद में खुशी का माहौल है।

एयर वाइस मार्शल संदीप रावत ने दिसंबर 1988 में भारतीय वायुसेना की लॉजिस्टिक्स शाखा में कमीशन प्राप्त किया था। इसके बाद उन्होंने अपने 37 वर्षों के सेवाकाल में देश के विभिन्न महत्वपूर्ण कमान, ऑपरेशनल और प्रशासनिक पदों पर सेवाएं दीं। वह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), एयरफोर्स अकादमी और नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र भी हैं।

वायुसेना में सेवाकाल के दौरान उनके उत्कृष्ट कार्य, नेतृत्व क्षमता और समर्पण को देखते हुए उन्हें कई प्रशस्तियों और पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति ने उन्हें विशिष्ट सेवा मेडल (वीएसएम) प्रदान किया। जनवरी 2025 में वह वायुसेना से सेवानिवृत्त हुए।

सेवानिवृत्ति के बाद भी संदीप रावत सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। उन्हें अपनी जन्मभूमि गौचर और उत्तराखंड की लोकसंस्कृति एवं परंपराओं से विशेष लगाव है। वह संगीत और फिल्मों के माध्यम से प्रदेश की लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा देने के प्रयासों में भी जुटे हैं।

एयरफोर्स एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष के रूप में अब उनकी जिम्मेदारी पूर्व वायुसेना कर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण, उनकी समस्याओं के समाधान तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की होगी। साथ ही पूर्व सैनिकों के बीच आपसी सहयोग और एकजुटता को मजबूत करने पर भी उनका जोर रहेगा।

गौचर की धरती से निकलकर 37 वर्षों तक भारतीय वायुसेना में देश की सेवा करने और अब पूर्व वायुसेना कर्मियों के कल्याण की जिम्मेदारी संभालने तक का उनका सफर क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बना है।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : औली-ज्योतिर्मठ में एशियाई बंटिंग काउंट शुरू, पहले दिन दिखी रॉक बंटिंग

चार दिवसीय अभियान में जुटे पक्षी प्रेमी, औली से मलारी और थैंग घाटी तक होगा पक्षियों का अवलोकन  ज्योतिर्मठ (चमोली)। हिमालयी क्षेत्र में पक्षियों की प्रजातियों की पहचान और संरक्षण को लेकर औली-ज्योतिर्मठ में पांचवें एशियाई बंटिंग काउंट अभियान का आगाज हो गया है। 27 से 30 नवंबर तक चलने […]

You May Like