ऊखीमठ : ग्वास गांव में छठवें कार्तिकेय जन्मोत्सव की तैयारियां तेज, 15 दिसंबर को निकलेगी भव्य देव झांकी

Team PahadRaftar

14 से 16 दिसंबर तक चलेगा तीन दिवसीय महोत्सव, धार्मिक अनुष्ठानों के साथ दिखेगी लोक संस्कृति की झलक

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ : तल्लानागपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत घिमतोली के ग्वास गांव में छठवें त्रिदिवसीय कार्तिकेय जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 14 से 16 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव का मुख्य आकर्षण 15 दिसंबर को निकलने वाली भगवान कार्तिकेय की भव्य झांकी होगी। आयोजन को लेकर ग्रामीणों और युवाओं में खासा उत्साह है।

जन्मोत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए ग्रामीणों, नवयुवक मंगल दल और आयोजन समिति के सदस्य तैयारियों में जुटे हैं। तीन दिवसीय महोत्सव में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं के स्वागत, गांव की सजावट और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

भाजपा चोपता मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह नेगी ने कहा कि भगवान कार्तिकेय की तपस्थली क्रौंच पर्वत और तल्लानागपुर क्षेत्र की धार्मिक मान्यताओं से जुड़ा यह आयोजन आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक परंपराओं और संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है।

वन पंचायत सरपंच धर्मेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि कार्तिकेय जन्मोत्सव क्षेत्र की सामूहिक आस्था का उत्सव है। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ स्थानीय लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी।

ग्राम पंचायत उपप्रधान दीपक सिंह नेगी ने कहा कि इस आयोजन से गांव की धार्मिक पहचान को नई मजबूती मिल रही है। वहीं, नवयुवक मंगल दल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि जन्मोत्सव को सफल बनाने के लिए युवा ग्रामीणों के साथ मिलकर व्यवस्थाओं में जुटे हैं। उन्होंने क्षेत्रीय जनता से परिवार सहित महोत्सव में पहुंचने की अपील की।

तीन दिवसीय यह महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ ही सामाजिक एकजुटता और लोक संस्कृति के संरक्षण का भी संदेश देगा। ग्रामीणों को अब 14 दिसंबर को महोत्सव के शुभारंभ का इंतजार है।

Leave a Reply

You May Like