चमोली : ज्योतिर्मठ की बेटी प्रेक्षा कपरवाण का वैश्विक मंच पर डंका, हार्वर्ड बिजनेस रिव्यू में छपेगा एआई पर आलेख

Team PahadRaftar

ज्योतिर्मठ से सिलिकॉन वैली तक का सफर, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया उत्तराखंड का मान

संजय कुंवर 

ज्योतिर्मठ (चमोली)। सीमांत क्षेत्र पैनखंडा की बेटी प्रेक्षा कपरवाण ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान बनाई है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डेटा के क्षेत्र में कार्य कर रहीं प्रेक्षा का आलेख दुनिया के प्रतिष्ठित प्रकाशन हार्वर्ड बिजनेस रिव्यू (एचबीआर) में प्रकाशित होने जा रहा है। उनके इस आलेख में एआई और डेटा के तेजी से बदलते स्वरूप तथा कारोबारी दुनिया पर इसके प्रभाव को लेकर विचार प्रस्तुत किए जाएंगे।

दुनियाभर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा को लेकर प्रतिस्पर्धा तेज हो रही है। ऐसे समय में हार्वर्ड बिजनेस रिव्यू जैसे प्रतिष्ठित वैश्विक मंच पर प्रेक्षा के विचारों को स्थान मिलना पैनखंडा क्षेत्र के साथ ही पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है। हार्वर्ड बिजनेस रिव्यू को बिजनेस और प्रबंधन जगत के प्रभावशाली प्रकाशनों में शामिल किया जाता है। इसके माध्यम से दुनिया भर के उद्योग जगत के विशेषज्ञ, उद्यमी और शोधकर्ता अपने विचार साझा करते हैं।

प्रेक्षा की सफलता का सफर भी खासा प्रेरणादायक है। पांच सितारा होटल में सूस शेफ के रूप में करियर शुरू करने वाली प्रेक्षा ने अपनी मेहनत और लगन से तकनीक की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई और सिलिकॉन वैली तक का सफर तय किया। आज वह वैश्विक स्तर पर उभरती तकनीकों और एआई से जुड़े विषयों पर अपने विचार रख रही हैं।

मूल रूप से पैनखंडा-ज्योतिर्मठ के ओली रोड स्थित चोडारी गांव की रहने वाली प्रेक्षा की यह उपलब्धि सीमांत क्षेत्र की प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणा बनी है। पहाड़ की विषम परिस्थितियों के बीच से निकलकर अंतरराष्ट्रीय तकनीकी और कारोबारी जगत में पहचान बनाना उनकी मेहनत और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है।

हार्वर्ड बिजनेस रिव्यू में आलेख का प्रकाशन प्रेक्षा की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण कड़ी जुड़ने जैसा है। आलेख प्रकाशित होने के बाद इसके विषय और विचारों की विस्तृत जानकारी सामने आएगी।

Leave a Reply

Next Post

कर्णप्रयाग : सरकारी इंतजार छोड़ ग्रामीणों ने खुद संभाली सड़क निर्माण की कमान, ढोल-नगाड़ों के साथ किया श्रीगणेश

मोली-रोइंठा में 3.2 किमी सड़क निर्माण के लिए ग्रामीणों ने शुरू किया श्रमदान, महिला मंगल दलों ने भी संभाले गैती-फावड़े केएस असवाल  कर्णप्रयाग (चमोली) : पहाड़ के गांवों में सड़क की मांग को लेकर अक्सर आंदोलन और धरना-प्रदर्शन होते हैं, लेकिन कर्णप्रयाग विकासखंड की ग्राम सभा मोली-रोइंठा के ग्रामीणों ने […]

You May Like