ऊखीमठ : चोपता में जाम का झाम बना मुसीबत, घंटों रेंगते रहते हैं वाहन

Team PahadRaftar

यातायात व्यवस्था होमगार्ड के भरोसे, नियमित पुलिस तैनाती की उठी मांग

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ। तल्लानागपुर क्षेत्र के प्रमुख व्यापारिक केंद्र चोपता में इन दिनों यातायात व्यवस्था बदहाल बनी हुई है। बाजार क्षेत्र में आए दिन लगने वाला लंबा जाम स्थानीय लोगों से लेकर तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए मुसीबत बन रहा है। हालात यह हैं कि वाहनों की लंबी कतारों के बीच लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यातायात व्यवस्था होमगार्ड के जवानों के भरोसे संचालित हो रही है, जबकि बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए नियमित पुलिस तैनाती की जरूरत है।

चोपता तल्लानागपुर क्षेत्र का प्रमुख आवागमन केंद्र होने के साथ ही प्रसिद्ध कार्तिक स्वामी तीर्थ का महत्वपूर्ण पड़ाव भी है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। इसके अलावा आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीण भी खरीदारी और अन्य जरूरी कार्यों के लिए चोपता आते हैं। इससे बाजार क्षेत्र में वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। इसके बावजूद यातायात संचालन के लिए पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने से जाम की समस्या बनी हुई है।

जाम का सबसे अधिक असर कार्तिक स्वामी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों पर पड़ रहा है। कई बार उन्हें घंटों तक वाहनों में बैठकर जाम खुलने का इंतजार करना पड़ता है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। बाजार में वाहनों की कतारें लगने से पैदल आवाजाही तक मुश्किल हो जाती है। इसका असर स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों पर भी पड़ रहा है।

स्थायी यातायात व्यवस्था की मांग

क्षेत्र पंचायत सदस्य फलासी दिनेश सिंह नेगी का कहना है कि चोपता तल्लानागपुर का प्रमुख केंद्र है। यहां से कार्तिक स्वामी तीर्थ सहित क्षेत्र के विभिन्न गांवों और पर्यटन स्थलों के लिए आवाजाही होती है। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था को लेकर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। उन्होंने चोपता में नियमित पुलिस कर्मियों की तैनाती और जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने की मांग की।

स्थानीय व्यापारी मानवेन्द्र सजवाण का कहना है कि जाम की समस्या लगातार बढ़ रही है। यातायात व्यवस्था केवल होमगार्ड के भरोसे छोड़ने से वाहनों का दबाव नियंत्रित नहीं हो पा रहा है। कई बार बाजार में पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से नियमित यातायात पुलिस की तैनाती तथा पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने की मांग उठाई।

व्यापारी विनोद जगवाण का कहना है कि समय रहते यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आने वाले समय में वाहनों का बढ़ता दबाव स्थानीय लोगों के साथ ही तीर्थाटन और पर्यटन गतिविधियों के लिए भी परेशानी का कारण बनेगा। उन्होंने प्रशासन से चोपता में सुचारु यातायात संचालन के लिए स्थायी व्यवस्था विकसित करने की मांग की।

तीर्थाटन और पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण चोपता में जाम की समस्या अब केवल स्थानीय परेशानी नहीं रह गई है। ऐसे में सवाल उठता है कि बढ़ते यातायात दबाव के अनुरूप पुलिस बल, पार्किंग और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था कब विकसित होगी?

Leave a Reply

Next Post

चमोली : स्कूली बच्चों को सिखाए जा रहे आपदा से बचाव के गुर, मॉक अभ्यास में दिखाया दमखम

भूकंप, भूस्खलन, बाढ़ और अग्निकांड से निपटने का दिया जा रहा प्रशिक्षण, 28 नवंबर तक चलेगा अभियान चमोली जनपद में आपदा से निपटने के लिए स्कूली बच्चों को तैयार किया जा रहा है। इसके तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में मॉक अभ्यास और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। […]

You May Like