चमोली : सड़क नहीं होने से तीन किलोमीटर पैदल चली प्रसव पीड़िता, रास्ते में दिया बेटी को जन्म

Team PahadRaftar

गिरीश चंदोला चमोली / कर्णप्रयाग 

पहाड़ में सड़क सुविधा का अभाव किस तरह लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ रहा है, इसकी बानगी कर्णप्रयाग विकासखंड के गनोली गांव में देखने को मिली। यहां सड़क नहीं होने के कारण प्रसव पीड़ा से जूझ रही एक महिला को परिजनों के साथ करीब तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। इस दौरान लंगासू-मैखुरा मोटर मार्ग पर स्वर्का के समीप महिला ने सड़क किनारे ही बेटी को जन्म दे दिया।

मामला ग्राम पंचायत गनोली के मोली तोक का है। यहां की 24 वर्षीय गायत्री देवी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन गांव तक सड़क नहीं होने के कारण उन्हें करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर मुख्य सड़क तक पहुंचना पड़ा। रास्ते में स्वर्का के समीप महिला की प्रसव पीड़ा तेज हो गई और उसने बेटी को जन्म दे दिया।

इस मुश्किल घड़ी में ग्राम प्रधान कुसुम देवी, आशा कार्यकर्ता और महिला के पति ने प्रसव पीड़िता को संभाला। इसके बाद निजी वाहन की मदद से जच्चा और नवजात को अस्पताल पहुंचाया गया। मंगलवार को दोनों के स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव तक सड़क पहुंचाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। सड़क के अभाव में गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बीमार लोगों को आए दिन जोखिम उठाना पड़ता है।

इधर, पीएमजीएसवाई लोनिवि के अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने बताया कि गैन-कांचुला-सैंजकट्टा सड़क की डीपीआर पीएमजीएसवाई-4 के तहत तैयार कर वित्तीय स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेजी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

सवाल यह है कि सड़क निर्माण के सरकारी दावों के बीच पहाड़ के गांवों तक बुनियादी सुविधा कब पहुंचेगी? आखिर कब तक ग्रामीणों को इलाज और प्रसव जैसी आपात परिस्थितियों में अपनी जान जोखिम में डालकर पैदल सफर करना पड़ेगा?

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : चोपता में जाम का झाम बना मुसीबत, घंटों रेंगते रहते हैं वाहन

यातायात व्यवस्था होमगार्ड के भरोसे, नियमित पुलिस तैनाती की उठी मांग लक्ष्मण नेगी  ऊखीमठ। तल्लानागपुर क्षेत्र के प्रमुख व्यापारिक केंद्र चोपता में इन दिनों यातायात व्यवस्था बदहाल बनी हुई है। बाजार क्षेत्र में आए दिन लगने वाला लंबा जाम स्थानीय लोगों से लेकर तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए मुसीबत बन […]

You May Like