
चालक के साथ पीछे बैठने वाले को भी हेलमेट पहनना अनिवार्य, बाजार में बेतरतीब खड़े वाहनों पर पुलिस की कार्रवाई
गिरीश चंदोला, थराली
थराली बाजार में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे आड़े-तिरछे खड़े दोपहिया वाहनों के खिलाफ चलाए गए अभियान में पुलिस ने 19 मोटरसाइकिलों के चालान किए। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी गई।
थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थराली मुख्य बाजार और आसपास के क्षेत्रों में अभियान चलाया। पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों को जागरूक करते हुए बताया कि बाइक पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। दोनों सवारों को हेलमेट पहनकर ही सफर करना होगा।
पुलिस ने वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुसार नंबर प्लेट लगाने के निर्देश भी दिए। बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
पुलिस के मुताबिक, बाजार में सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े दोपहिया वाहन यातायात व्यवस्था में बाधा बन रहे हैं। इससे अक्सर जाम की स्थिति पैदा होती है और राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। इसी को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 19 मोटरसाइकिलों के चालान किए।
थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने वाहन स्वामियों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था बाधित करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

