
20 साल पुरानी लिफ्ट पंप योजना बदहाल, जर्जर पाइपलाइन और आए दिन खराब हो रही मोटरों से काश्तकार परेशान
केएस असवाल गौचर : नगर पालिका क्षेत्र गौचर में सिंचाई व्यवस्था बदहाल होने से काश्तकारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। करीब 20 साल पहले बनी लिफ्ट पंप सिंचाई योजना दम तोड़ने की स्थिति में पहुंच गई है। जर्जर पाइपलाइन और आए दिन खराब हो रही मोटरों के चलते खेतों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। वहीं, पनाई सिंचाई नहर की स्थिति भी ठीक नहीं है। ऐसे में किसानों की फसलें सूखने के कगार पर पहुंच गई हैं।

गौचर क्षेत्र में बड़ी संख्या में काश्तकार खेती पर निर्भर हैं। खेतों की सिंचाई के लिए पनाई नहर के अलावा लिफ्ट पंप योजना बनाई गई थी, लेकिन उचित रखरखाव और तकनीकी सुधार के अभाव में यह योजना किसानों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले योजना दो फेज में संचालित होती थी, लेकिन कुछ साल पहले मोटरों की क्षमता बढ़ाए बिना इसे एक फेज में कर दिया गया। इससे खेतों तक पर्याप्त पानी पहुंचना मुश्किल हो गया है।
सिंचाई संकट से परेशान महिलाओं ने 14 नवंबर को गौचर मेले के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपकर योजना की क्षमता बढ़ाने और लघु डाल विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली की जांच कराने की मांग उठाई थी।
वहीं, 18 नवंबर को आयोजित पत्रकार वार्ता में भी यह मामला उठाया गया, लेकिन लघु सिंचाई विभाग का कोई अधिकारी जवाब देने के लिए मौजूद नहीं था। इस पर सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि लघु सिंचाई विभाग भी सिंचाई विभाग के अधीन है और मामले से संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
महिला संगठन की अध्यक्ष सतेश्वरी देवी, विजया देवी, सरिता भंडारी, ललिता देवी, पूनम देवी, सुनीता देवी, गुड्डी देवी, सरीरा गुसाईं, लक्ष्मी देवी, किस्मती गुसाईं, नत्थी बिष्ट, आशा देवी, शशि देवी और जसुन्दरा देवी ने कहा कि सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त न होने से काश्तकारों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। विभागीय अधिकारियों के समक्ष कई बार समस्या रखने के बावजूद समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द सिंचाई व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो महिलाओं और काश्तकारों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

