
वीसी दरवान सिंह नेगी की स्मृति में चार दिवसीय महोत्सव शुरू, कफारतीर से निकली कलशयात्रा; सीएम और प्रभारी मंत्री के नहीं पहुंचने से लोगों में मायूसी
नारायणबगड़। प्रथम भारतीय विक्टोरिया क्रॉस विजेता वीर शिरोमणि वीसी दरवान सिंह नेगी की वीरगाथा और शौर्य को नमन करने के लिए सोमवार को खैतोलीखाल में चार दिवसीय राजकीय शौर्य महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। सेना के ब्रॉसबैंड की मधुर धुनों, वीर सैनिक के पैतृक गांव कफारतीर से निकली भव्य कलशयात्रा और महिला मंगल दलों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। हालांकि, उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री के नहीं पहुंचने से क्षेत्रीय लोगों को निराशा भी हुई।

महोत्सव का शुभारंभ विधायक भूपालराम टम्टा और ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला ने वीसी दरवान सिंह नेगी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। इससे पहले गढ़वाल राइफल्स और सिख रेजिमेंट के सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और जनप्रतिनिधियों ने कफारतीर गांव पहुंचकर वीर सैनिक की स्मृति में पुष्पचक्र अर्पित किए और श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान गांव की महिलाओं ने सेना के ब्रॉसबैंड की धुनों के साथ कफारतीर से महोत्सव स्थल खैतोलीखाल तक भव्य कलशयात्रा निकाली। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं की इस यात्रा ने वीरभूमि की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं की सुंदर झलक पेश की।
लोकगीतों और नृत्यों ने बांधा समां
महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत स्कूली छात्राओं के स्वागत गान से हुई। इसके बाद विभिन्न महिला मंगल दलों ने पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता में महिला मंगल दल चोपता ने प्रथम, कफारतीर ने द्वितीय और चिरखून ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
महोत्सव में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टाल लगाकर लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय सुविधाओं की जानकारी दी गई। वहीं, मेट्रो हॉस्पिटल हरिद्वार की ओर से लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार का लाभ उठाया।
वीसी दरवान सिंह नेगी का शौर्य पीढ़ियों को करता रहेगा प्रेरित
विधायक भूपालराम टम्टा ने कहा कि वीसी दरवान सिंह नेगी का अदम्य साहस और देश के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी वीरता और शौर्य को याद रखना तथा नई पीढ़ी तक उनकी गौरवगाथा पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में शौर्य महोत्सव को और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री के समारोह में शामिल नहीं होने के सवाल पर विधायक ने बताया कि व्यस्तता के चलते मुख्यमंत्री उद्घाटन कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके।
इस अवसर पर वीसी दरवान सिंह नेगी के पौत्र ब्रिगेडियर नितिन नेगी, भुवन नौटियाल, कर्नल डीएस बर्तवाल, कैप्टन देवेंद्र सिंह मेहरा, कनिष्ठ उपप्रमुख भूपेंद्र मेहरा, वार मेमोरियल फाउंडेशन के अध्यक्ष लखपत सिंह नेगी, सचिव गंभीर सिंह नेगी, हरीश चंद्र जोशी, राजेंद्र जोशी, ग्राम प्रधान गंभीर सिंह नेगी, गंगा सिंह नेगी और उदय सिंह नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयुक्त संचालन गजपाल सिंह नेगी और मोहन सिंह रावत ने किया।

