
केदारनाथ के रावल भीमाशंकर लिंग ने देव अतिथि के रूप में की शिरकत, कहा- हिमालय आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति का जीवंत केंद्र
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने के पावन अवसर पर बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान में तीन दिवसीय मदमहेश्वर मेले का शुभारंभ हो गया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच शुरू हुए मेले में लोक संस्कृति के विविध रंग देखने को मिले। शुभारंभ समारोह में केदारनाथ के रावल भीमाशंकर लिंग ने देव अतिथि के रूप में शिरकत की।

रावल भीमाशंकर लिंग ने अपने संबोधन में कहा कि हिमालय केवल पर्वत श्रृंखलाओं का समूह नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना, तपस्या और सनातन संस्कृति का जीवंत केंद्र है। देवभूमि उत्तराखंड के पौराणिक तीर्थस्थल और धार्मिक परंपराएं पूरी दुनिया के श्रद्धालुओं को आकर्षित करती हैं। उन्होंने भगवान मदमहेश्वर से जुड़ी धार्मिक परंपराओं के संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
प्रधान पुजारी डॉ. केदार लिंग ने कहा कि भगवान मदमहेश्वर की डोली का शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचना क्षेत्र के लिए आस्था और उल्लास का विशेष अवसर है। मदमहेश्वर मेला धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पंडित घनानंद मैठाणी ने पंचकेदार की धार्मिक परंपराओं को उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान बताया।
केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने कहा कि डोली के शीतकालीन प्रवास पर ऊखीमठ पहुंचने से क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलती है। पूर्व प्रमुख लक्ष्मी प्रसाद भट्ट ने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ ही क्षेत्रीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष एवं मेला अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने अतिथियों और क्षेत्रीय जनता का आभार जताते हुए कहा कि मेले को भव्य स्वरूप देने के लिए सामूहिक प्रयास किए गए हैं। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। वहीं, विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों की ओर से स्टाल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
इस अवसर पर राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, प्रधान पुजारी बागेश लिंग, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विजय राणा, मंदिर समिति सदस्य अंकित सेमवाल, प्रह्लाद पुष्वाण, व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट, बसंती रावत सहित जनप्रतिनिधि, मेला समिति के पदाधिकारी और क्षेत्रीय जनता मौजूद रही। कार्यक्रम का संचालन तेज प्रकाश त्रिवेदी और प्रताप धर्म्वाण ने संयुक्त रूप से किया।

