
तल्लानागपुर कृषि औद्योगिक विकास मेले के दूसरे दिन लोक संस्कृति के विविध रंगों से सराबोर रहा मेला परिसर
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। चोपता के चांदधार में आयोजित पांच दिवसीय तल्लानागपुर कृषि औद्योगिक विकास मेले के दूसरे दिन महिला मंगल दलों और क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने खूब समां बांधा। लोकगीतों और पारंपरिक लोकनृत्यों के माध्यम से कलाकारों ने पहाड़ की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं के विविध रंग बिखेरे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों से मेला परिसर दिनभर गुलजार रहा।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि जिला पंचायत सदस्य सम्पन्न नेगी ने अध्यक्षता की। जिला पंचायत सदस्य त्रियुगीनारायण अमित मैखण्डी, उत्तराखंड क्रांति दल के नेता डॉ. आशुतोष भण्डारी और उक्रांद की केंद्रीय सचिव आरती बेजवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने कहा कि मेले हमारी लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से महिला मंगल दलों और स्कूली बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। तल्लानागपुर की सांस्कृतिक पहचान और विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में इन आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
जिला पंचायत सदस्य सम्पन्न नेगी ने कहा कि तल्लानागपुर कृषि औद्योगिक विकास मेला क्षेत्र की जनता का अपना उत्सव है। इसके माध्यम से स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को संरक्षण मिल रहा है। जिला पंचायत सदस्य अमित मैखण्डी ने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की सांस्कृतिक और आर्थिक गतिविधियों को नई पहचान दिलाते हैं। उक्रांद नेता डॉ. आशुतोष भण्डारी ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, भाषा, बोली और परंपराएं हमारी विशिष्ट पहचान हैं। वहीं आरती बेजवाल ने महिला मंगल दलों को ग्रामीण संस्कृति और सामाजिक एकजुटता की मजबूत आधारशिला बताया।
मेला अध्यक्ष ललित मोहन मेवाल ने अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, महिला मंगल दलों, विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं और क्षेत्रीय जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से मेला सफलतापूर्वक आयोजित हो रहा है।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह नेगी, मनोज राणा, महामंत्री दीपक नेगी, विनोद रावत, सतवीर जग्गी, ग्राम प्रधान सीता देवी, साधना देवी, आजाद खत्री, नीता देवी, मंजू देवी, संतोषी बर्त्वाल, लक्ष्मण बर्त्वाल, विजय सिंह सजवाण, वीरेन्द्र कुनियाल, यशपाल सिंह रावत, गजेन्द्र करासी, लक्ष्मण राणा, बृजमोहन नेगी, हरीश बुटोला, पंचम नेगी, शंकर नेगी, योगम्बर रावत, केशर सिंह पंवार और वीरेन्द्र मेवाल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

