
6080 श्रद्धालु बने कपाट बंद होने के साक्षी, 19 नवंबर को ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी उत्सव डोली
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ : पंचकेदारों में द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर के कपाट सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही मदमहेश्वर धाम की छह माह की ग्रीष्मकालीन यात्रा का भी समापन हो गया। इस पावन अवसर पर 6080 श्रद्धालु धाम पहुंचे। कपाट बंद होने के बाद भगवान की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई।
सोमवार सुबह से ही मंदिर में कपाट बंद होने की धार्मिक प्रक्रिया शुरू हो गई थी। पुजारियों और वेदपाठियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान का विशेष पूजन किया। धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के बाद शुभ मुहूर्त में कपाट बंद कर दिए गए। इस दौरान पूरा धाम भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
कपाट बंद होने के बाद उत्सव डोली ने पारंपरिक पैदल मार्ग से शीतकालीन प्रवास की यात्रा शुरू की। डोली सोमवार रात गौण्डार गांव पहुंचेगी। मंगलवार को राकेश्वरी मंदिर रांसी में रात्रि प्रवास होगा। इसके बाद 19 नवंबर को उत्सव डोली ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी। डोली के स्वागत को लेकर मदमहेश्वर घाटी और ऊखीमठ क्षेत्र में उत्साह बना हुआ है।
ग्रीष्मकाल में 81,785 श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
सह डोली प्रभारी दीपक पंवार ने बताया कि इस वर्ष ग्रीष्मकालीन यात्रा के दौरान 81,785 तीर्थयात्रियों ने भगवान मदमहेश्वर के दर्शन किए। कपाट बंद होने के अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मुकेश परमार और पौड़ी निवासी नारायण जुयाल की ओर से नानूं में भंडारे का आयोजन किया गया।
ऊखीमठ में छह माह होगी पूजा-अर्चना
19 नवंबर को उत्सव डोली के ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने पर धार्मिक आयोजन और पारंपरिक मेले होंगे। इसके बाद आगामी छह माह तक भगवान मदमहेश्वर की शीतकालीन पूजा-अर्चना ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होगी। श्रद्धालु अब शीतकाल में यहीं भगवान के दर्शन कर सकेंगे।
इस अवसर पर बदरी-केदार मंदिर समिति के सदस्य विनीत पोस्ती, राकेश्वरी मंदिर समिति अध्यक्ष मदन भट्ट, डोली प्रभारी किशन त्रिवेदी, शिवानंद पंवार, वीरेंद्र पंवार सहित गौण्डार, रांसी और उनियाणा के हक-हकूकधारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

