
पंच पूजा के चौथे दिन मां महालक्ष्मी की विशेष पूजा-अर्चना, कढ़ाई प्रसाद चढ़ाकर शीतकाल के लिए गर्भगृह में विराजने का दिया निमंत्रण
संजय कुंवर बदरीनाथ : भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम में रविवार को हुई ताजा बर्फबारी ने बदरी पुरी को बर्फ की सफेद चादर में लपेट दिया। बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। भगवान बदरी विशाल के प्रति अटूट आस्था लेकर तीर्थयात्री बर्फ के फाहों के बीच सिंहद्वार के बाहर दर्शन के लिए कतार में खड़े नजर आए। धाम में बर्फबारी के बीच दर्शन करने का श्रद्धालुओं ने खूब आनंद लिया।
बदरीनाथ धाम में इस यात्रा वर्ष श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड आमद जारी है। अब तक करीब 23 लाख 40 हजार श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर चुके हैं। वहीं, धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने से पहले आयोजित पंच पूजा के चौथे दिन रविवार को मंदिर परिसर स्थित मां महालक्ष्मी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान माता को कढ़ाई प्रसाद अर्पित किया गया।
धार्मिक परंपरा के अनुसार पंच पूजा के चौथे दिन मुख्य पुजारी रावल मां महालक्ष्मी मंदिर पहुंचते हैं और माता को भगवान बदरी विशाल के साथ शीतकाल के लिए गर्भगृह में विराजमान होने का निमंत्रण देते हैं। इसी क्रम में रविवार को विधि-विधान से पूजा कर मां महालक्ष्मी से भगवान श्रीहरि नारायण के सानिध्य में शीतकाल के लिए गर्भगृह में विराजमान होने की प्रार्थना की गई।
मान्यता के अनुसार कपाट बंद होने के बाद शीतकाल में भगवान बदरी विशाल के साथ मां महालक्ष्मी भी गर्भगृह में विराजमान रहती हैं। पंच पूजा की अंतिम धार्मिक प्रक्रिया सोमवार को संपन्न होगी। इसके साथ ही बदरीनाथ धाम में कपाट बंद होने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच जाएंगी।

