चमोली : थराली अस्पताल को मिलेगी अल्ट्रासाउंड की सुविधा, सांसद निधि से 30 लाख रुपये मंजूर

Team PahadRaftar

विधायक भूपाल राम के प्रयास रंग लाए, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को जांच के लिए नहीं लगानी पड़ेगी दूर की दौड़

गिरीश चंदोला थराली : उप जिला चिकित्सालय थराली में जल्द ही अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। अस्पताल में नई अल्ट्रासाउंड मशीन की स्थापना के लिए गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की सांसद निधि से 30 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। विधायक भूपाल राम के प्रयासों से क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने का रास्ता साफ हो गया है।

थराली विधानसभा क्षेत्र की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन की सुविधा काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अभी तक गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए दूसरे अस्पतालों में जाना पड़ता है। नई मशीन लगने से मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही जांच की सुविधा मिल सकेगी। इससे खासकर गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को बड़ी राहत मिलेगी।

विधायक भूपाल राम ने धनराशि स्वीकृत करने पर सांसद अनिल बलूनी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। मशीन की स्थापना की प्रक्रिया जल्द पूरी कराई जाएगी, ताकि लोगों को इसका लाभ मिल सके।

विधायक ने बताया कि उप जिला चिकित्सालय में आवश्यक पदों के सृजन की कार्रवाई भी शासन स्तर पर चल रही है। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती का इंतजार

थराली क्षेत्र के लोग लंबे समय से अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती और आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। अल्ट्रासाउंड मशीन के लिए बजट स्वीकृत होने से एक बड़ी समस्या का समाधान होने की उम्मीद जगी है। अब क्षेत्रवासियों की नजरें मशीन की स्थापना और अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Next Post

गोपेश्वर : महेंद्र भट्ट पर आरोप लगाने से पहले जैनी प्रकरण पर जवाब दें हरक सिंह रावत : रघुवीर बिष्ट

नंदप्रयाग-घाट में पिटाई के दावे पर मांगे प्रमाण, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से भी पूछा जैनी प्रकरण पर पार्टी का रुख गोपेश्वर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की नंदप्रयाग-घाट में स्थानीय लोगों द्वारा पिटाई किए जाने संबंधी कांग्रेस नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के बयान पर […]

You May Like