उत्तरकाशी : भैयादूज पर शीतकाल के लिए बंद हुए यमुनोत्री धाम के कपाट, मां यमुना की डोली खरसाली रवाना

Team PahadRaftar

छह माह तक खरसाली में होगी मां यमुना की शीतकालीन पूजा-अर्चना, श्रद्धालु यहीं कर सकेंगे दर्शन

उत्तरकाशी : विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट बुधवार को भैयादूज के पावन पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर शुभ मुहूर्त में मंदिर के कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की यमुनोत्री धाम की यात्रा का समापन हो गया।

कपाट बंद होने से पूर्व मंदिर में मां यमुना की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद मां यमुना की उत्सव डोली सोमेश्वर महाराज की अगुवाई में पारंपरिक वाद्ययंत्रों और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शीतकालीन प्रवास के लिए खरसाली गांव रवाना हुई।

डोली के खरसाली पहुंचने पर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की ओर से मां यमुना का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया जाएगा। इसके बाद अगले छह माह तक मां यमुना की शीतकालीन पूजा-अर्चना खरसाली स्थित प्राचीन यमुना मंदिर में संपन्न होगी।

यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल एवं प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल के अनुसार, कपाट बंद होने के बाद भी श्रद्धालुओं को मां यमुना के दर्शन का अवसर मिलता रहेगा। शीतकाल में श्रद्धालु खरसाली पहुंचकर मां यमुना की पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

इस वर्ष यमुनोत्री धाम में करीब 8.84 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। कपाट बंद होने के साथ ही धाम में छह माह तक चलने वाली शीतकालीन विश्राम अवधि शुरू हो गई है।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : थराली अस्पताल को मिलेगी अल्ट्रासाउंड की सुविधा, सांसद निधि से 30 लाख रुपये मंजूर

विधायक भूपाल राम के प्रयास रंग लाए, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को जांच के लिए नहीं लगानी पड़ेगी दूर की दौड़ गिरीश चंदोला थराली : उप जिला चिकित्सालय थराली में जल्द ही अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। अस्पताल में नई अल्ट्रासाउंड मशीन की स्थापना के लिए गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी […]

You May Like