
चारधाम होटल एसोसिएशन ने सशक्त राष्ट्र निर्माण पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन, आगामी यात्रा सीजन में जाम से राहत दिलाने की उठाई मांग
संजय कुंवर बदरीनाथ : हेलंग-मारवाड़ी बाईपास का निर्माण कार्य पिछले दो माह से बंद होने पर पर्यटन कारोबारियों ने नाराजगी जताई है। चारधाम होटल एसोसिएशन ने निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग उठाई है। एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव राजेश मेहता ने बदरीनाथ धाम पहुंचे सशक्त राष्ट्र निर्माण पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. मनोज कुमार शुक्ल को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।
राजेश मेहता ने बताया कि ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बन रहा हेलंग बाईपास जोशीमठ के लिए भी महत्वपूर्ण है। इसके बनने से नगर के भीतर यातायात का दबाव कम होगा और बदरीनाथ धाम आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि परियोजना का काम वर्ष 2026 तक पूरा होना प्रस्तावित था, लेकिन पिछले दो माह से निर्माण कार्य बंद है। इससे मार्ग पर जाम की समस्या बनी हुई है और तीर्थयात्रियों को कई-कई घंटे इंतजार करना पड़ रहा है।
उन्होंने मांग की कि आगामी यात्रा सीजन से पहले बाईपास का निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया जाए, जिससे बदरीनाथ धाम के साथ फूलों की घाटी और हेमकुंड साहिब पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।
इससे पहले चारधाम होटल एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव राजेश मेहता ने प्रो. मनोज कुमार शुक्ल का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय होटल व्यवसायियों और पर्यटन कारोबारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। बैठक में बदरीनाथ मास्टर प्लान के निर्माण कार्यों में हो रही देरी, पर्यटन सुविधाओं और स्थानीय हितधारकों के सुझावों पर भी चर्चा हुई।

