ऊखीमठ : 28 दिन के आंदोलन के बाद ऊखीमठ सीएचसी को मिला फिजिशियन, मरीजों को मिलेगी राहत

Team PahadRaftar

डॉ. किरण रावत ने संभाला कार्यभार, संघर्ष समिति ने बताया जनता की जीत; अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों और आधुनिक उपकरणों की मांग उठाई

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में फिजिशियन की तैनाती के बाद क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद जगी है। डॉ. किरण रावत ने अस्पताल में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उनके पहुंचने पर संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। वहीं, 28 दिन के आंदोलन के बाद मिली इस सफलता को संघर्ष समिति ने क्षेत्रीय जनता के संघर्ष की जीत बताया।

संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि अस्पताल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा दिलाने और फिजिशियन की तैनाती की मांग को लेकर क्षेत्रीय जनता ने 28 दिनों तक आंदोलन किया। जनता की एकजुटता और सामूहिक प्रयासों के परिणामस्वरूप यह मांग पूरी हो सकी है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल और राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट का आभार जताया।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र की विषम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण ग्रामीणों को उपचार के लिए श्रीनगर, रुद्रप्रयाग और देहरादून जाना पड़ता था। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और दूरस्थ गांवों के मरीजों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ती थीं। फिजिशियन की तैनाती से अब स्थानीय स्तर पर उपचार मिलने में मदद मिलेगी।

हालांकि, संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि केवल सीएचसी का दर्जा और एक विशेषज्ञ चिकित्सक की तैनाती पर्याप्त नहीं है। अस्पताल में अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति के साथ आधुनिक चिकित्सा उपकरण, जांच सुविधाएं और पर्याप्त स्वास्थ्य कर्मियों की व्यवस्था भी जरूरी है। समिति ने शासन-प्रशासन से इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की। साथ ही कहा कि अस्पताल में सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने तक उनका प्रयास जारी रहेगा।

इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण, संघर्ष समिति एवं व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट, सभासद प्रदीप धर्म्वाण, पूर्व सभासद बलवंत रावत, कांग्रेस सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष कर्मवीर कुंवर, राजेंद्र धर्म्वाण और महेंद्र रावत मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

गोपेश्वर : जनता मिलन में 24 फरियादियों ने रखीं समस्याएं, सीडीओ ने दिए निस्तारण के निर्देश

लो-वोल्टेज, रेल परियोजना मुआवजा, पेयजल बिल और आर्थिक सहायता के मामले उठे केएस असवाल गोपेश्वर। जिला सभागार गोपेश्वर में सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में 24 फरियादियों ने अपनी समस्याएं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी के सामने रखीं। सीडीओ ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय […]

You May Like