
होटल और होम स्टे कारोबारियों को मिलेगी राहत, स्थानीय युवाओं के लिए भी खुलेंगे रोजगार के अवसर
ऊखीमठ : भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह स्थल त्रियुगीनारायण में तीर्थ यात्रियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। इस वर्ष अब तक 3,58,663 तीर्थयात्री मंदिर में दर्शन कर चुके हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या से क्षेत्र के पर्यटन और तीर्थाटन कारोबार को गति मिल रही है। वहीं, आगामी शादी-विवाह के सीजन को देखते हुए स्थानीय व्यवसायियों को कारोबार में तेजी आने की उम्मीद है।
त्रियुगीनारायण मंदिर में वर्षभर देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं और पर्यटकों का पहुंचना जारी रहता है। धार्मिक महत्व के साथ ही विवाह समारोहों के लिए भी यह स्थल लोगों की पसंद बन रहा है। इससे क्षेत्र में होटल, होम स्टे, रेस्टोरेंट, ढाबों और परिवहन से जुड़े कारोबार को लाभ मिल रहा है।
शादी-विवाह का सीजन शुरू होने के साथ ही यहां पहुंचने वाले जोड़ों और उनके परिजनों की संख्या में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इससे स्थानीय होटल और होम स्टे के साथ खानपान तथा टैक्सी कारोबार में भी तेजी आने की उम्मीद है। पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।
त्रियुगीनारायण मंदिर के प्रबंधक बलवीर सिंह नेगी ने बताया कि इस वर्ष अब तक तीर्थ यात्रियों की संख्या 3,58,663 के पार पहुंच चुकी है। आगामी दिनों में शादी-विवाह का सीजन शुरू होने से यहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यात्रियों की बढ़ती आवाजाही से क्षेत्र के कारोबार को नई गति मिल रही है। यदि शादी के सीजन में भी यही रुझान बना रहता है तो स्थानीय बाजार, होटल, होम स्टे और परिवहन व्यवसाय को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
