
गुरुवार से थे लापता, सैनिक कैंटीन जाने की बात कहकर घर से निकले थे
गिरीश चंदोला थराली। कुलसारी में शुक्रवार को पिंडर नदी से एक पूर्व सैनिक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान देवाल विकासखंड के देवसारी गांव निवासी 59 वर्षीय सुदर्शन सिंह गड़िया पुत्र गोविंद सिंह गड़िया के रूप में हुई है। वह गुरुवार से लापता थे। पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेज दिया है। फिलहाल, मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को कुलसारी झूला पुल के समीप ग्रामीणों ने पिंडर नदी में एक शव देखा। इसकी सूचना थराली थाना पुलिस को दी गई। एसआइ लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद नदी के बीच फंसे शव को बाहर निकाला। इसके बाद मृतक की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी गई।
परिजनों के अनुसार, सुदर्शन सिंह गड़िया गुरुवार सुबह ग्वालदम स्थित अपने आवास से थराली की सैनिक कैंटीन जाने की बात कहकर निकले थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया। शुक्रवार को कुलसारी के समीप पिंडर नदी में शव मिलने की सूचना से परिवार में शोक छा गया।
सुदर्शन सिंह गड़िया गढ़वाल राइफल्स में सेवाएं दे चुके थे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

