
मक्कू पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और परिजनों ने ढोल-दमाऊं के साथ किया स्वागत
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। जोशीमठ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक पद से करीब चार दशक की पुलिस सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त हुए देवेन्द्र रावत का पैतृक गांव मक्कू पहुंचने पर नागरिक अभिनंदन किया गया। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और परिजनों ने ढोल-दमाऊं की थाप व पुष्पमालाओं के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान उनके सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के लिए सम्मानित किया गया।

मक्कू गांव में आयोजित समारोह में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, राज्य मंत्री ऐश्वर्या रावत, पूर्व विधायक मनोज रावत और नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, ग्रामीण और परिजन मौजूद रहे।
केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि देवेन्द्र रावत ने पुलिस विभाग में चार दशक तक जिम्मेदारी के साथ सेवाएं दीं। पहाड़ के ग्रामीण परिवेश से निकलकर कठिन परिस्थितियों में लंबे समय तक पुलिस सेवा करना युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।

राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट ने कहा कि कर्तव्य के प्रति समर्पण और अपने मूल गांव से जुड़ाव देवेन्द्र रावत की विशेष पहचान रही है। सेवानिवृत्ति सरकारी सेवा का अंत नहीं, बल्कि सामाजिक जीवन में नई भूमिका की शुरुआत है।
राज्य मंत्री ऐश्वर्या रावत ने कहा कि मक्कू जैसे दूरस्थ गांव से निकलकर पुलिस विभाग में चार दशक तक सेवाएं देकर देवेन्द्र रावत ने क्षेत्र का नाम रोशन किया। उनकी उपलब्धियां युवाओं को मेहनत, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहेंगी।
पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि पहाड़ के गांवों से निकलकर विभिन्न क्षेत्रों में सेवाएं देने वाले लोगों का सम्मान समाज की जिम्मेदारी है। सेवानिवृत्ति के बाद देवेन्द्र रावत का अनुभव और सामाजिक सरोकार गांव व क्षेत्र के लिए उपयोगी साबित होंगे।
नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने कहा कि चार दशक की सेवा के बाद अपने पैतृक गांव में सम्मान के साथ लौटना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान सुनीता मैठाणी ने की, जबकि संचालन नागेंद्र भट्ट ने किया। ग्रामीणों और परिजनों ने देवेन्द्र रावत को शॉल, पुष्पमाला और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान से अभिभूत देवेन्द्र रावत ने सभी जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और परिजनों का आभार जताते हुए कहा कि चार दशक की सेवा के बाद अपने लोगों के बीच लौटना उनके लिए भावुक और अविस्मरणीय क्षण है।
इस अवसर पर कार्तिकेय मंदिर समिति अध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी, सभासद सरला रावत, उद्योगपति खुशहाल सिंह नेगी, पूर्व प्रधान विजयपाल सिंह नेगी, संदीप पुष्वाण, हर्षवर्धन सेमवाल, दशमी देवी मैठाणी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सोनिया नेगी, चोपता व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र मैठाणी, प्रताप रावत, भगवती प्रसाद मैठाणी, मोहन मैठाणी, मनोज मैठाणी, श्रीचंद सिंह रावत, प्रह्लाद राणा, सरोज रावण, दलवीर रावत, राजेंद्र सिंह रावत, वीरेंद्र सिंह रावत, भगत सिंह रावत, यशवंत सिंह रावत, सूरज सिंह रावत, महेंद्र सिंह रावत, दिलवर सिंह रावत, प्रभारी निरीक्षक ऊखीमठ मनोज नेगी समेत ग्रामीण व परिजन मौजूद रहे।
