
सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता के लिए 91 अधिकारियों-कर्मचारियों ने दिया चयन ट्रायल
गोपेश्वर। राज्य स्तरीय सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता के लिए जनपद चमोली की टीम के चयन को बुधवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर में जनपद स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के 77 पुरुष और 14 महिला अधिकारियों-कर्मचारियों समेत कुल 91 प्रतिभागियों ने विभिन्न खेल विधाओं में हिस्सा लिया।

चयन ट्रायल में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, कैरम, शतरंज, हॉकी, क्रिकेट, लॉन टेनिस, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, योग और फुटबॉल समेत विभिन्न खेलों में प्रतिभागियों के प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन किया गया।
जिला क्रीड़ा अधिकारी मोहित सिंह ने बताया कि जनपद स्तर पर चयनित खिलाड़ियों की सूची राज्य स्तरीय चयन ट्रायल के लिए भेजी जाएगी। राज्य स्तरीय चयन ट्रायल सात और आठ अक्टूबर को सुबह नौ बजे से आयोजित होंगे।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, जिला क्रीड़ा अधिकारी मोहित सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी धीरेन्द्र नाथ द्विवेदी समेत संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।

