
सेना से जुड़े साइकिल सवारों का दबदबा, मौसम के कारण 10 किलोमीटर तक सीमित रही प्रतियोगिता
संजय कुंवर, बदरीनाथ धाम
‘बोल बदरी विशाल भगवान की जय’ के जयकारों के बीच सोमवार को बदरीनाथ धाम से माणा पास साइकिल दौड़ 2026 का आयोजन किया गया। देहरादून के मोहित ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल कर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में भारतीय सेना से जुड़े साइकिल सवारों का दबदबा रहा। पहले सात स्थानों पर सेना से जुड़े प्रतिभागियों ने जगह बनाई।
बदरीनाथ धाम के आगमन स्थल से साइकिल दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसके बाद साइकिल सवार निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़े। मौसम खराब होने और माणा पास क्षेत्र में भारी बर्फबारी के कारण इस बार दौड़ को माणा पास तक नहीं ले जाया जा सका। प्रतियोगिता को सरस्वती पुल, गजकोटी और माणा शिविर के समीप तक करीब 10 किलोमीटर के मार्ग पर सीमित रखा गया।
दौड़ के निदेशक एवं उत्तराखंड स्की पर्वतारोहण संघ के अध्यक्ष अजय भट्ट ने बताया कि मौसम चेतावनी और माणा पास क्षेत्र में भारी बर्फबारी को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से मार्ग में बदलाव किया गया। इसके बावजूद प्रतिभागियों के उत्साह और जज्बे में कोई कमी नहीं आई। कठिन मौसम के बीच साइकिल सवारों ने पूरे जोश के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
दौड़ के समन्वयक विमलेश पंवार ने बताया कि प्रतियोगिता में 16 साइकिल सवार, दो मोटरसाइकिल और दो फन राइडर शामिल हुए। दौड़ बदरीनाथ धाम के आगमन स्थल से शुरू होकर सरस्वती पुल, गजकोटी होते हुए माणा शिविर के समीप निर्धारित अंतिम बिंदु पर संपन्न हुई।
माणा पास साइकिल दौड़ के माध्यम से सीमांत क्षेत्र में साहसिक पर्यटन और पर्वतीय साइकिलिंग को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। प्रतियोगिता के दौरान स्थानीय लोगों और बदरीनाथ धाम पहुंचे श्रद्धालुओं ने साइकिल सवारों का उत्साहवर्धन किया।
