गोपेश्वर : पीजी कॉलेज गोपेश्वर में लगा बहुउद्देश्यीय विधिक जागरूकता शिविर

Team PahadRaftar

न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी और न्यायमूर्ति आलोक महरा ने विद्यार्थियों व आमजन को बताए विधिक अधिकार

केएस असवाल, गोपेश्वर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर के सभागार में रविवार को उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्वावधान में बहुउद्देश्यीय विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में उत्तराखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति एवं उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज कुमार तिवारी तथा न्यायमूर्ति आलोक महरा ने विद्यार्थियों और आमजन को संविधान, विधिक अधिकार, निःशुल्क कानूनी सहायता और न्याय तक सुगम पहुंच की जानकारी दी।

न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर लोगों को न्याय उपलब्ध कराना है। आर्थिक कठिनाई के कारण कोई व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे, इसके लिए निःशुल्क विधिक सहायता की व्यवस्था की गई है। उन्होंने आमजन से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आवश्यकता पड़ने पर विधिक सेवा प्राधिकरण की सहायता लेने का आह्वान किया।

सालसा के सदस्य सचिव प्रदीप कुमार मणि ने निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता समेत प्राधिकरण की ओर से संचालित विभिन्न सेवाओं की जानकारी दी।

लाभार्थियों को बांटे गए उपकरण और किट

शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को भी लाभान्वित किया गया। लाभार्थियों को कान की मशीन, अटल आवास, व्हीलचेयर, श्रम किट और महालक्ष्मी किट समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम की शुरुआत एनसीसी कैडेट्स की ओर से अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और लोक नृत्य की प्रस्तुतियां दीं।

विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण

कार्यक्रम के बाद न्यायमूर्ति एवं अन्य अतिथियों ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सरल और सुगम तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश/डीएलएसए अध्यक्ष बिंध्याचल सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सचिन कुमार पाठक, न्यायिक मजिस्ट्रेट हिना कौशर, न्यायिक मजिस्ट्रेट गुंजन सिसोदिया समेत जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, अधिवक्ता, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता तथा न्याय तक पहुंच के प्रति जागरूक करना रहा।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : मूसलधार बारिश में भी नहीं थमा आंदोलन, 44वें दिन गरजे आंदोलनकारी

बारिश की धार और लुढ़कते पारे के बीच 44वें दिन भी गूंजे आंदोलन के स्वर मोहनखाल-किणझाणी-चोपता मोटर मार्ग की मांग को लेकर धरना जारी, मूसलधार बारिश में सरकार के खिलाफ गरजे आंदोलनकारी  लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। मोहनखाल-किणझाणी-चोपता (तुंगनाथ) मोटर मार्ग निर्माण की मांग को लेकर मोहनखाल में चल रहा आंदोलन मूसलधार […]

You May Like