ऊखीमठ : रोहित-शिवानी के सुरों पर देर रात तक झूमा जागतोली

Team PahadRaftar

दशज्यूला महोत्सव की चौथी सांस्कृतिक संध्या में लोकगीतों की धूम, हजारों दर्शकों ने लिया सांस्कृतिक रंगों का आनंद

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ। नैणी देवी के आंचल और प्रकृति की सुरम्य वादियों के बीच जागतोली के विशाल क्रीड़ा मैदान में चल रहे पांच दिवसीय जागतोली दशज्यूला महोत्सव की चौथी सांस्कृतिक संध्या लोकगीतों के नाम रही। प्रसिद्ध लोक गायक रोहित चौहान और शिवानी नेगी ने अपनी प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि दर्शक देर रात तक झूमते और थिरकते रहे। लोकधुनों पर युवाओं ने मैदान में उतरकर जमकर नृत्य किया। तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा महोत्सव स्थल गूंजता रहा।

चौथे दिन दीक्षा प्रापर्टी के चेयरमैन कुलदीप रावत मुख्य अतिथि, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट अति विशिष्ट अतिथि तथा जिला पंचायत सदस्य निर्मला बहुगुणा, अमित मैखण्डी और उक्रांद नेता आशुतोष भंडारी विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिव शक्ति मंदिर समिति महड़ के अध्यक्ष बचन सिंह नेगी ने की। आयोजक समिति ने अतिथियों का स्वागत किया।

मुख्य अतिथि कुलदीप रावत ने कहा कि जागतोली दशज्यूला महोत्सव क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बन रहा है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को मंच मिलने के साथ युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ती है।

भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी लोक संस्कृति और परंपराओं से है। गांवों में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक महोत्सव लोक कलाओं को जीवंत रखने और नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जिला पंचायत सदस्य निर्मला बहुगुणा, अमित मैखण्डी और आशुतोष भंडारी ने कहा कि महोत्सव ने क्षेत्र की सांस्कृतिक गतिविधियों को नई पहचान दी है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलने के साथ सामाजिक समरसता भी मजबूत होती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बचन सिंह नेगी ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक परंपराओं का संरक्षण एवं संवर्धन करना है। महोत्सव अध्यक्ष जयवर्धन कांडपाल ने अतिथियों का आभार जताया। महासचिव कालिका कांडपाल ने दशज्यूला क्षेत्र की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला। संचालन राजेंद्र कांडपाल, वीरेंद्र बर्त्वाल और नमिता कांडपाल ने संयुक्त रूप से किया।

मंच संभालते ही झूम उठे दर्शक

चौथी सांस्कृतिक संध्या में जैसे ही रोहित चौहान और शिवानी नेगी ने मंच संभाला, दर्शकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। दोनों कलाकारों ने उत्तराखंड के लोकप्रिय लोकगीतों की प्रस्तुतियों से माहौल को पूरी तरह लोक रंग में रंग दिया। गीतों की शुरुआत होते ही युवा दर्शक मैदान में उतर आए और देर रात तक लोकधुनों पर थिरकते रहे। कलाकारों की प्रत्येक प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।

इस मौके पर ज्येष्ठ प्रमुख शांति चमोला, अमित प्रदाली, धर्मेंद्र, सतेंद्र कंडारी, सतवीर जग्गी, सुभाष चौहान, धनपाल सिंह नेगी, गोपाल बासकंडी, दीपक रावण, कमल सिंह चौहान, मदन बासकंडी, गंगा नेगी सहित महोत्सव समिति के पदाधिकारी, सदस्य, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : सकण्ड तक सड़क की राह हुई आसान, 9.5 किमी मोटर मार्ग को मिली हरी झंडी

9.50 किमी मोटर मार्ग के प्रथम चरण को मिली प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी, सर्वे के लिए 15.68 लाख स्वीकृत केएस असवाल  कर्णप्रयाग / चमोली। कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए सड़क सुविधा को लेकर अच्छी खबर है। सिंद्रवाणी से सकण्ड तक 9.50 किलोमीटर मोटर मार्ग के नव निर्माण के […]

You May Like