लिंगदोह समिति की सिफारिशों के तहत चुनाव कराने पर जोर, प्रत्याशियों को बताए नियम
संजय कुंवर
ज्योतिर्मठ। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ में छात्रसंघ चुनाव सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। प्राचार्य प्रो. पंकज कुमार पांडेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में महाविद्यालय के शिक्षक और विभिन्न छात्र संगठनों के संभावित प्रत्याशी शामिल हुए।

प्राचार्य ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने संभावित प्रत्याशियों से चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने की अपील की। कहा कि चुनाव के दौरान आपसी रंजिश से बचते हुए महाविद्यालय की गरिमा और अनुशासन बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
आठ सदस्यीय निर्वाचन मंडल गठित
चुनाव प्रक्रिया के संचालन के लिए आठ सदस्यीय निर्वाचन मंडल का गठन किया गया है। डॉ. किशोरी लाल रंवाटा को मुख्य निर्वाचन अधिकारी और डॉ. नवीन पंत को सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया। छह अन्य सदस्यों को भी निर्वाचन मंडल में शामिल किया गया है। वहीं, एसडीएम जोशीमठ को चुनाव पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. किशोरी लाल रंवाटा ने संभावित प्रत्याशियों को चुनाव प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने लिंगदोह समिति की सिफारिशों के अनुसार चुनावी आचार संहिता, नामांकन, प्रत्याशियों की आयु सीमा, पात्रता और चुनावी खर्च से संबंधित नियमों की जानकारी दी।
बैठक में महाविद्यालय के ड्रेस कोड को लेकर भी निर्देश दिए गए। प्राचार्य ने कहा कि चुनाव में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित ड्रेस कोड और महाविद्यालय के अनुशासन का पालन करना होगा।
बैठक में छात्र संगठनों के संभावित प्रत्याशियों ने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने में सहयोग का भरोसा दिलाया। महाविद्यालय प्रशासन ने भी सभी विद्यार्थियों से स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आपसी सौहार्द के साथ चुनाव में भाग लेने की अपील की।
