प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर विधायक आशा नौटियाल ने ग्रामीणों के साथ किया दीप प्रज्ज्वलन
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को बाबा केदारनाथ के शीतकालीन पूजा स्थल ओंकारेश्वर मंदिर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ 501 दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आयोजित सेवा-संकल्प अभियान का हिस्सा रहा।
इस दौरान विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड और बाबा केदारनाथ के प्रति विशेष लगाव रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण और विकास कार्यों को गति मिली है। यात्रा व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के साथ क्षेत्र में तीर्थाटन एवं पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में तीर्थाटन, पर्यटन और स्थानीय विकास को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों के साथ जलाया गया ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री के प्रति लोगों की शुभकामनाओं का प्रतीक है।
विधायक ने बाबा केदारनाथ और भगवान ओंकारेश्वर से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना की। साथ ही देश की सुख-समृद्धि और विकास की प्रार्थना की।

