ऊखीमठ : रक्षाबंधन पर टाटा सूमो की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत, ऊखीमठ में पसरा मातम

Team PahadRaftar

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शुक्रवार को भारत सेवाश्रम-ऊखीमठ मोटर मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। टाटा सूमो की टक्कर से स्कूटी सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए गुप्तकाशी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में मृतक की पहचान कैलाश पुष्पाण के रूप में बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर भारत सेवाश्रम-ऊखीमठ मोटर मार्ग पर कैलाश पुष्पाण स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान टाटा सूमो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। बताया गया कि सूमो चालक ही उन्हें उपचार के लिए गुप्तकाशी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कैलाश पुष्पाण पंच केदार होटल/होम स्टे एसोसिएशन की अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य प्रीति पुष्पाण के पति बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रक्षाबंधन के त्योहार पर परिवार की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग गुप्तकाशी स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। वहीं, घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने ऊखीमठ में अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के बाद टाटा सूमो चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस की ओर से गुप्तकाशी में शव के पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है। ऊखीमठ पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मामले की विधिवत जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। हादसे के वास्तविक कारणों और दुर्घटना की परिस्थितियों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

रक्षाबंधन के दिन हुई इस दर्दनाक घटना से ऊखीमठ क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : रक्षा बंधन पर भाई-बहन के अटूट स्नेह का दिखा रंग, गौचर में हर्षोल्लास से मनाया पर्व

केएस असवाल, गौचर। भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक रक्षा बंधन पर्व गौचर क्षेत्र में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना की। वहीं भाइयों ने बहनों को उपहार भेंट कर जीवनभर […]

You May Like