यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता, ट्रॉली स्थल पर तैनात रहेगा पर्याप्त पुलिस बल
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। जनसुरक्षा के मद्देनजर अस्थायी रूप से स्थगित की गई श्री मद्महेश्वर धाम यात्रा-2026 बुधवार, 19 अगस्त से फिर शुरू हो गई। स्थलीय निरीक्षण और संबंधित विभागों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने यात्रा दोबारा संचालित करने के निर्देश दिए हैं। यात्रा मार्ग से लेकर ट्रॉली स्थल तक सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
उप जिलाधिकारी ऊखीमठ ने पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, तहसीलदार ऊखीमठ और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर यात्रा शुरू करने का प्रस्ताव जिलाधिकारी को भेजा था। विभागीय जांच आख्या और मौके की स्थिति का परीक्षण करने के बाद यात्रा संचालन की अनुमति दी गई।
ट्रॉली स्थल पर पुलिस की रहेगी निगरानी
यात्रा के दौरान ट्रॉली स्थल पर भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। यात्रियों के आवागमन को व्यवस्थित करने के साथ महिला और बुजुर्ग यात्रियों की सहायता तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीआरएफ और डीडीआरएफ रहेंगी मुस्तैद
यात्रा मार्ग पर दुर्घटना या आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और खोज एवं बचाव दलों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। यात्रा शुरू होने से पहले मार्ग, पुल-पुलियों, ट्रॉली स्थल और सुरक्षा उपकरणों समेत अन्य व्यवस्थाओं का संबंधित विभागों द्वारा परीक्षण किया जाएगा। सुरक्षा मानकों पर खरा उतरने के बाद ही मार्ग को यात्रियों के आवागमन के लिए सुरक्षित घोषित किया जाएगा।
तीन समय में चलेगी ट्रॉली
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए ट्रॉली संचालन का समय भी निर्धारित किया गया है। ट्रॉली सुबह 6:30 से 9 बजे, सुबह 10:30 से दोपहर 1 बजे और दोपहर 2:30 से शाम 6 बजे तक संचालित होगी। निर्धारित अंतराल में विश्राम और आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए हॉल्ट रहेगा।
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को यात्रा मार्ग की स्थिति, यातायात व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और यात्रियों की सुरक्षा पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है कि वे प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए ही यात्रा करें।
यात्रा दोबारा शुरू होने से श्रद्धालुओं को श्री मद्महेश्वर धाम के दर्शन के लिए आवागमन की सुविधा मिल गई है।
