
स्वतंत्रता दिवस पर भारत माता के जयकारों से गूंजा नंदन कानन, पर्यटकों के हाथों में लहराया तिरंगा
संजय कुंवर, वैली ऑफ फ्लावर्स, चमोली। स्वतंत्रता दिवस पर विश्व प्राकृतिक धरोहर फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान में प्रकृति और राष्ट्रभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। ऊंचे हिमालय की गोद में रंग-बिरंगे फूलों से सजी घाटी में पहुंचे पर्यटक हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारे लगाते नजर आए। देशभक्ति के जज्बे से पूरा नंदन कानन गूंज उठा।

15 अगस्त को बड़ी संख्या में प्रकृति प्रेमी फूलों की घाटी का दीदार करने पहुंचे। इन दिनों घाटी में विभिन्न प्रजातियों के पुष्प पूरी रंगत में हैं। फूलों की क्यारियों के बीच तिरंगा थामे पर्यटकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पर्यटकों ने प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां भी साझा कीं।
फूलों की रंगत बनी आकर्षण का केंद्र
प्रकृति पर्यटन गाइड जयदीप भट्ट ने बताया कि इन दिनों फूलों की घाटी में अच्छी संख्या में फूल खिले हैं। घाटी की प्राकृतिक सुंदरता चरम पर है, जिसके चलते देशभर से आने वाले प्रकृति प्रेमियों को यह क्षेत्र अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। उन्होंने बताया कि शनिवार को भी बड़ी संख्या में पर्यटक घाटी पहुंचे।
घांघरिया में भी धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस
फूलों की घाटी के बेस कैंप घांघरिया में भी स्वतंत्रता दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। व्यापारियों, होटल कारोबारियों, जीएमवीएन, पुलिस और ईको विकास समिति भ्यूंडार के संयुक्त तत्वावधान में ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल में उत्साह भर दिया।

ईको विकास समिति भ्यूंडार के अध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि 15 अगस्त से अगले तीन दिनों तक घांघरिया में पर्यटकों की अच्छी बुकिंग है। इससे पर्यटन कारोबारियों में भी उत्साह है। होटल, होमस्टे और अन्य पर्यटन व्यवसायों से जुड़े कारोबारियों को इस सप्ताहांत अच्छी आवाजाही की उम्मीद है।
फूलों की घाटी में खिले फूलों के बीच लहराता तिरंगा स्वतंत्रता दिवस के जश्न को और खास बना रहा था। प्रकृति की खूबसूरती और देशभक्ति के रंग में रंगी घाटी का नजारा पर्यटकों के लिए यादगार बन गया।
