ऊखीमठ : ट्रॉली के सहारे मद्महेश्वर यात्रा, खतरे को देखते प्रशासन ने लगाई रोक

Team PahadRaftar

बनातोली में पुल क्षतिग्रस्त होने से बढ़ी मुश्किल, यात्रा ठप होने से धाम और पड़ावों पर पसरा सन्नाटा

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर धाम की यात्रा में बनातोली के पास ट्रॉली से नदी पार करना तीर्थयात्रियों के लिए जोखिम भरा बना हुआ है। बरसात में नदी का जलस्तर बढ़ने और मौसम खराब रहने के कारण यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने विगत दिनों मद्महेश्वर यात्रा पर रोक लगा दी। यात्रा पर रोक लगने से धाम समेत यात्रा पड़ावों पर सन्नाटा पसरा है। वहीं, तीर्थाटन और पर्यटन कारोबार से जुड़े ग्रामीणों, व्यापारियों और घोड़ा-खच्चर संचालकों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं।

मद्महेश्वर यात्रा के आधार शिविर गौंडार से आगे बनातोली में बीते वर्षों में आई आपदा के कारण पैदल मार्ग और नदी पर बना अस्थायी पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। पुल की सुविधा नहीं होने के कारण यात्रियों को ट्रॉली के सहारे नदी पार करनी पड़ रही थी। बरसात में नदी का प्रवाह तेज होने के कारण यहां आवाजाही का खतरा और बढ़ गया था।

ट्रॉली के भरोसे नदी पार कर रहे थे यात्री

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार बनातोली में लंबे समय से स्थायी पुल की मांग की जा रही है। पुल का निर्माण पूरा नहीं होने से यात्रियों को मजबूरी में ट्रॉली का सहारा लेना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने पर यह व्यवस्था और जोखिमपूर्ण हो जाती है।

यात्रा पड़ावों पर कारोबार प्रभावित

यात्रा पर रोक के बाद मद्महेश्वर धाम के साथ ही गौंडार, बनातोली, रांसी और अन्य पड़ावों पर यात्रियों की आवाजाही थम गई है। यात्रा सीजन में तीर्थयात्रियों से स्थानीय होटल, होमस्टे, ढाबे, दुकानें और घोड़ा-खच्चर संचालकों को रोजगार मिलता है। यात्रा बाधित होने से इन कारोबारियों की आय पर सीधा असर पड़ा है।

पूर्व प्रधान बीर सिंह पंवार और बलवीर पंवार ने प्रशासन से मौसम और यात्रा मार्ग की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित परिस्थितियां बनने पर यात्रा जल्द शुरू कराई जाए। साथ ही बनातोली में स्थायी पुल का निर्माण प्राथमिकता से पूरा किया जाए।

बारिश से प्रभावित हो रहा पुल निर्माण

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आरसी नैथानी ने बताया कि बनातोली में स्थायी पुल का निर्माण कार्य गतिमान है। लगातार बारिश के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि मोरखम्मा नदी का जलस्तर कम होते ही नदी पर अस्थायी पुल तैयार कर मद्महेश्वर यात्रा को जल्द सुचारु कराने की पहल की जाएगी।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यात्रा को सुरक्षित रूप से संचालित करने के लिए अस्थायी व्यवस्था के साथ बनातोली की ट्रॉली समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है। स्थायी पुल बनने से तीर्थयात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलने के साथ ही मद्महेश्वर घाटी के पर्यटन और तीर्थाटन कारोबार को भी राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : भारत-चीन सीमा से लगे तमक नाले में फ्लैश फ्लड, डीएम ने लिया राहत-बचाव कार्यों का जायजा

हवाई सर्वेक्षण कर ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र की स्थिति देखी, बेली ब्रिज बहा; लापता व्यक्ति की तलाश जारी संजय कुंवर ज्योतिर्मठ। भारत-चीन सीमा से लगे नीति घाटी के तमक नाले में आई फ्लैश फ्लड के बाद राहत और बचाव अभियान जारी है। बुधवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार ने तमक नाले का […]

You May Like