बदरीनाथ : वीआईपी दर्शन की आड़ में चढ़ावा चोरी, बदरीनाथ मंदिर प्रकरण में एक और आरोपी गिरफ्तार

Team PahadRaftar

वीआईपी दर्शन की आड़ में चढ़ावा चोरी, बदरीनाथ मंदिर प्रकरण में एक और आरोपी गिरफ्तार

संजय कुंवर बदरीनाथ। श्री बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावा और दान सामग्री चोरी मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी जयप्रकाश पावर वेंचर्स लिमिटेड की लामबगड़ जलविद्युत परियोजना में सुरक्षाकर्मी के पद पर कार्यरत था और परियोजना के अधिकारियों के मेहमानों को वीआईपी दर्शन कराने के लिए मंदिर आता था। जांच में सामने आया कि इसी दौरान वह दान सामग्री चोरी कर रहा था।

एसआईटी ने बताया कि पहले ही मंदिर समिति के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। 25 और 29 जून की सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच में एक व्यक्ति बार-बार दान सामग्री उठाकर जेब में रखता दिखाई दिया। पहचान होने पर आरोपी मनोज कुमार को पूछताछ के लिए बुलाया गया। फुटेज दिखाने पर उसने चोरी की बात स्वीकार कर ली।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी की गई कुछ सामग्री उसके लामबगड़ स्थित कमरे में रखी है, जबकि कुछ सामान उसने यात्रियों को बेच दिया। बिक्री से मिली धनराशि का कुछ हिस्सा उसके कमरे में मिला और कुछ उसने अधिकारियों के मेहमानों की आवभगत में खर्च करने की बात स्वीकार की।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन की रीसायकल गैलरी से चोरी के सामान की तस्वीरें भी मिलीं। आरोपी चोरी के बाद सामान को अपने कमरे में ले जाकर बिस्तर पर रखकर उसकी फोटो खींचता था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके कमरे से दो बिछिया, चार कर्णफूल, एक नथ (नोज रिंग), सात धातु के सिक्के, दो कंगन, एक ब्रेसलेट, धातु की प्रतिमा, अन्य आभूषण, छह हजार रुपये नकद तथा वह बेडशीट बरामद की, जिस पर चोरी का सामान रखकर तस्वीरें ली गई थीं।

पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार पुत्र स्वरूपचंद, निवासी वार्ड नंबर-3, नूरपुर, जिला कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 के तहत कार्रवाई की है। एसआईटी मामले में अन्य संभावित आरोपियों और पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

Next Post

बदरीनाथ : पीएमओ के संज्ञान से बदरीश झील में लौटी हलचल

रिचार्ज होने लगा सरोवर, फिर दिखने लगे देशी-विदेशी परिंदे संजय कुंवर, बदरीनाथ धाम भू-बैकुंठ नगरी श्री बदरीनाथ धाम के बीचोंबीच स्थित प्राकृतिक बदरीश झील के दिन अब बहुरने लगे हैं। लंबे समय से कम जलस्तर और गाद की समस्या से जूझ रही झील के संरक्षण को लेकर पीएमओ के संज्ञान […]

You May Like