सचिव आवास ने की डीएफसी बैठक में समीक्षा, समयबद्ध निर्माण के निर्देश
यात्रियों की सुविधा के साथ स्थानीय व्यापार और ट्रैफिक व्यवस्था को मिलेगा लाभ
केएस असवाल देहरादून / चमोली। चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कर्णप्रयाग और सिमली में आधुनिक पार्किंग परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। गुरुवार को आवास विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित विस्तृत वित्तीय समिति (डीएफसी) की बैठक में दोनों परियोजनाओं की वित्तीय और तकनीकी समीक्षा की गई। सचिव ने अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण चमोली की ओर से परियोजनाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपर जिलाधिकारी एवं सचिव जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण तथा अन्य अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। परियोजनाओं के तहत पार्किंग क्षमता, निर्माण लागत, डिजाइन और यातायात प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की गई।
कर्णप्रयाग में बनने वाली पार्किंग परियोजना पर 3.73 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यहां 22 चारपहिया वाहनों की पार्किंग के साथ प्रथम तल पर आधुनिक कमर्शियल हॉल का निर्माण भी किया जाएगा। इससे मुख्य बाजार में सड़क किनारे होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग पर रोक लगेगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
सिमली में करीब 3.99 करोड़ रुपये की लागत से 30 चारपहिया वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग बनाई जाएगी। सिमली राष्ट्रीय राजमार्ग-07 का प्रमुख जंक्शन है, जहां से चारधाम यात्रा, नंदा देवी राजजात यात्रा और गैरसैंण का मार्ग गुजरता है। यात्रा सीजन में यहां अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। पार्किंग बनने से यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु होने की उम्मीद है।
सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार चारधाम यात्रा मार्गों पर आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है। कर्णप्रयाग और सिमली की पार्किंग परियोजनाएं ट्रैफिक प्रबंधन को मजबूत करने के साथ यात्रियों की सुविधा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देंगी। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्धारित समय सीमा में सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्य बिंदु
- कर्णप्रयाग में 3.73 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी पार्किंग।
- 22 चारपहिया वाहनों की पार्किंग और कमर्शियल हॉल का होगा निर्माण।
- सिमली में 3.99 करोड़ रुपये की लागत से 30 वाहनों की पार्किंग बनेगी।
- चारधाम यात्रा के दौरान जाम की समस्या कम करने में मिलेगी मदद।
- सचिव आवास ने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण के दिए निर्देश।

