
30.35 लाख रुपये का राजस्व, अगस्त में फ्लावरिंग सीजन चरम पर
संजय कुंवर घांघरिया (चमोली) । यूनेस्को की विश्व प्राकृतिक धरोहर फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान में इस वर्ष पर्यटकों की आमद ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। एक जून से 31 जुलाई तक मात्र दो माह में 16,462 पर्यटक घाटी का दीदार कर चुके हैं। यह संख्या पिछले वर्ष पूरे पर्यटन सीजन में आए कुल पर्यटकों से भी अधिक है। इस अवधि में पार्क प्रशासन को 30.35 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
अगस्त माह की शुरुआत के साथ ही फूलों की घाटी में फ्लावरिंग सीजन अपने चरम पर पहुंच गया है। इन दिनों घाटी में गुलाबी हिमालयी बालसम, एपिलोबियम लैटीफोलियम, कैंपानुला, कॉरिडेलिस, पोटेंटिला, जिरेनियम, एस्टर, फॉरगेट-मी-नॉट, लिगुलेरिया, साइलीन, ऑर्किड और पेडिक्यूलरिस सहित विभिन्न प्रजातियों के रंग-बिरंगे अल्पाइन पुष्प पूरी घाटी को प्राकृतिक रंगों से सजा रहे हैं। बामनधौड़ से रिवर व्यू प्वाइंट तक पर्यटकों की अच्छी आवाजाही बनी हुई है।
वैली ऑफ फ्लावर्स की रेंज ऑफिसर चेतना कांडपाल ने बताया कि एक जून से 31 जुलाई तक 16,376 भारतीय और 86 विदेशी पर्यटक घाटी पहुंचे हैं। इससे पार्क प्रशासन को 30,35,300 रुपये की आय हुई है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 के पूरे सीजन में 15,924 पर्यटक घाटी पहुंचे थे, जिनमें 15,508 भारतीय और 416 विदेशी शामिल थे। उस दौरान पार्क को 33,28,050 रुपये का राजस्व मिला था। इस वर्ष केवल दो माह में ही पर्यटकों की संख्या पिछले पूरे सीजन का रिकॉर्ड पार कर चुकी है, जबकि पर्यटन सीजन अभी जारी है।
ईडीसी अध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि शनिवार सुबह बड़ी संख्या में पर्यटक घांघरिया स्थित प्रवेश द्वार पर परमिट लेने के लिए कतार में खड़े नजर आए। रिकॉर्ड संख्या में पर्यटकों की आमद से घांघरिया, गोविंदघाट, पांडुकेश्वर और जोशीमठ क्षेत्र के होटल व्यवसायियों, गाइडों और स्थानीय कारोबारियों में उत्साह है। यदि मौसम अनुकूल रहा तो इस वर्ष पर्यटकों की संख्या और राजस्व दोनों नए कीर्तिमान स्थापित कर सकते हैं।
