पौड़ी : कंडोलिया महोत्सव को मिलेगा राजकीय दर्जा, धामी ने पौड़ी को दीं 19 विकास योजनाओं की सौगात

Team PahadRaftar

पौड़ी, जसपाल नेगी संवाददाता। मुख्यमंत्री ने सोमवार को पौड़ी जनपद को विकास की बड़ी सौगात देते हुए 110.55 करोड़ रुपये की 19 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कंडोलिया महोत्सव को राजकीय महोत्सव के रूप में विकसित करने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले श्रीनगर रोड स्थित आधुनिक विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण किया। उन्होंने संग्रहालय में स्थापित विज्ञान आधारित गतिविधियों, प्रयोगात्मक शिक्षण व्यवस्थाओं और महान वैज्ञानिकों के जीवन व योगदान से जुड़े प्रदर्शनों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संग्रहालय बच्चों और युवाओं में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान की भावना को बढ़ावा देगा।

इसके बाद रामलीला मैदान में आयोजित कंडोलिया महोत्सव का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महोत्सव उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और युवा प्रतिभाओं को नई पहचान देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि पौड़ी आकर उन्हें हमेशा आत्मीयता और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि कंडोलिया महोत्सव को सरकारी कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय महोत्सव के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे महोत्सव को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी और प्रदेश की लोक संस्कृति को व्यापक मंच प्राप्त होगा।

उन्होंने कहा कि पौड़ी में स्थापित विज्ञान संग्रहालय बच्चों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा और विज्ञान शिक्षा को जनसामान्य तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से संग्रहालय का भ्रमण करने की अपील भी की।

सड़क, खेल और पर्यटन को मिलेगी रफ्तार

मुख्यमंत्री ने 14 योजनाओं का शिलान्यास और पांच योजनाओं का लोकार्पण किया। प्रमुख योजनाओं में सिंगटाली में गंगा नदी पर सेतु निर्माण, कोटा-देवप्रयाग-व्यासघाट मोटर मार्ग का पुनर्निर्माण, व्यासघाट-सिल्सू सड़क का सुधारीकरण, गोदी-बजूण मोटर मार्ग का उन्नयन, पुरानी जेल भवन का नवीनीकरण और पौड़ी शहर के अपर बाजार व माल रोड का सौंदर्यीकरण शामिल हैं।

वहीं लोकार्पित योजनाओं में जाखणीखाल-ठंठोली-रणेथ मोटर मार्ग का डामरीकरण, श्रीकोट गंगानाली में 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक, स्पोर्ट्स स्टेडियम में फुटबॉल ग्राउंड एवं एथलेटिक ट्रैक, कंडोलिया इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट का उन्नयन और आधुनिक विज्ञान संग्रहालय शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से सड़क संपर्क, पर्यटन, खेल, शिक्षा, सिंचाई और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में व्यापक सुधार होगा तथा जनपद के विकास को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम में स्थानीय विधायक , जिला पंचायत अध्यक्ष , लैंसडाउन विधायक , एसएसपी , सीडीओ सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

बदरीनाथ : सोमवती अमावस्या पर बदरीनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

संजय कुंवर बदरीनाथ। सोमवती अमावस्या और पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) के समापन के दुर्लभ संयोग पर सोमवार को बदरीनाथ धाम सहित पूरे चमोली जिले के प्रमुख तीर्थस्थलों और शिवालयों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भगवान बदरीविशाल के दर्शन के लिए सुबह से ही मंदिर परिसर में लंबी कतारें लगी […]

You May Like