
संजय कुंवर बदरीनाथ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचित जनसेवा के 4399 दिन पूरे होने पर बुधवार को बदरीनाथ धाम, केदारनाथ धाम और ज्योतिर्मठ स्थित नरसिंह मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और हवन अनुष्ठान आयोजित किए गए। इस दौरान प्रधानमंत्री की दीर्घायु तथा देश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की गई।
बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे निर्वाचित सेवाकाल की उपलब्धि पर यह विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल में चारधाम समेत देशभर में अनेक विकास कार्य हुए हैं, जिसके लिए भगवान बदरीविशाल और बाबा केदार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विशेष प्रार्थना की गई।
बदरीनाथ धाम में प्रधानमंत्री के नाम से विशेष अभिषेक पूजा संपन्न हुई। वहीं ज्योतिर्मठ स्थित नरसिंह मंदिर में हवन-पूजन कर भगवान नरसिंह, मां नवदुर्गा और भगवान श्रीहरि नारायण से प्रधानमंत्री की दीर्घायु, देश की खुशहाली, समृद्धि, शांति और अखंडता की कामना की गई।
ऋषि प्रसाद सती ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से राष्ट्र की उन्नति और जनकल्याण की भी प्रार्थना की गई। इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारी, तीर्थ पुरोहित और श्रद्धालु मौजूद रहे।

