
हिंदी पत्रकारिता दिवस पर पत्रकारों ने पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने का लिया संकल्प
केएस असवाल संवाददाता। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर शनिवार को पर्वतीय पत्रकार एसोसिएशन के प्रेस भवन में आयोजित कार्यक्रम में पत्रकारों ने हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास, वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार दिगपाल गुसाईं ने की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने समाज को जागरूक करने, जनसरोकारों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए संगठन की मजबूती और आपसी एकजुटता पर बल दिया।
पत्रकारों ने कहा कि डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव ने नई पीढ़ी के लिए पत्रकारिता के क्षेत्र में अनेक अवसर उपलब्ध कराए हैं, लेकिन खबरों को सबसे पहले प्रसारित करने की होड़ में गुणवत्ता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे दौर में पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों और नैतिक मूल्यों को कायम रखना बेहद आवश्यक है।
वक्ताओं ने कहा कि बदलते समय के साथ पत्रकारों को नई तकनीकों को अपनाने की जरूरत है, लेकिन तथ्यों की सत्यता और जनहित सर्वोपरि रहने चाहिए। उन्होंने पत्रकारों से संगठित होकर अपने अधिकारों और हितों के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार दिनेश थपलियाल, दिनेश जोशी, लक्ष्मी प्रसाद कुमेड़ी, प्रकाश डिमरी, गोवर्धन प्रसाद डिमरी, सतीश गेरोला और के.एस. असवाल सहित कई पत्रकार मौजूद रहे। इस दौरान सभी ने हिंदी पत्रकारिता को और अधिक सशक्त बनाने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
