चमोली : थाईलैंड में चमकी चमोली की बेटी, मुन्नी देवी ने जीते दो स्वर्ण पदक

Team PahadRaftar

थाईलैंड में चमकी चमोली की बेटी, मुन्नी देवी ने जीते दो स्वर्ण पदक

केएस असवाल चमोली। चमोली जिले के पोखरी विकासखंड के किमोठा गांव की बेटी मुन्नी देवी ने थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर उत्तराखंड और देश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।

33 वर्षीय मुन्नी देवी ने 70 किलोग्राम भार वर्ग में पुल पावरलिफ्टिंग और बेंच प्रेस स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पाकिस्तान, थाईलैंड समेत 18 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, लेकिन मुन्नी देवी ने अपने दमदार प्रदर्शन से सभी प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।

मुन्नी देवी का खेल सफर संघर्ष, मेहनत और समर्पण का प्रतीक रहा है। वह इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर तीन बार स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने उत्तराखंड की खेल प्रतिभा को नई पहचान दिलाई है।

सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद मिली यह सफलता पहाड़ की युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और कड़ी मेहनत के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी सफलता हासिल की जा सकती है।

मुन्नी देवी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए गर्व व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि उनकी सफलता से उत्तराखंड की उभरती खेल प्रतिभाओं को नई दिशा और प्रेरणा मिलेगी। बैंकॉक में दो स्वर्ण पदक जीतकर मुन्नी देवी ने न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे भारत का गौरव बढ़ाया है।

Leave a Reply

Next Post

गौचर : बारिश के इंतजार में गौचर, सूखे जैसे हालात से किसान परेशान

केएस असवाल गौचर। क्षेत्र में लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। जून माह समाप्ति की ओर है, लेकिन अब तक पर्याप्त वर्षा नहीं होने से गौचर क्षेत्र में सूखे जैसे हालात बनने लगे हैं। इससे किसानों के साथ आम लोगों […]

You May Like